कर्नाटक: रुझानों में 115 सीटें लेकर कांग्रेस ने पार किया बहुमत का आंकड़ा, भाजपा पिछड़ी

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। चुनाव आयोग द्वारा जारी शुरुआती रुझानों में कर्नाटक में बीते 38 सालों का ट्रेंड बदलता नहीं दिख रहा है। ट्रेंड के अनुसार एक बार फिर राज्य में सरकार बदलती रही है। रुझानों में कांग्रेस ने बड़ी बढ़त बनाते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। कांग्रेस 115 सीटें और भाजपा 73 सीटों पर आगे चल रही है।

भाजपा सरकार के कई कैबिनेट मंत्री पीछे चल रहे हैं। बेंगलुरु में भी भाजपा पिछड़ गई है। राज्यभर के 36 केंद्रों में मतगणना से रुझान आ गए हैं, चुनाव अधिकारियों को परिणाम के बारे में एक स्पष्ट तस्वीर दोपहर तक सामने आने की उम्मीद है। राज्य में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को चुनाव में 73.19 प्रतिशत का ‘रिकॉर्ड’ मतदान दर्ज किया गया था।

एचडी कुमारस्वामी के बेटे रुझानों में काफी पीछे

एचडी कुमारस्वामी के बेटे निखिल कुमारस्वामी रुझानों में काफी पीछे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार निखिल 13000 से ज्यादा वोटों से पीछे हैं।

चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत

चुनाव आयोग ने शुरुआती रुझान जारी कर दिए हैं। 10 बजकर 30 मिनट के रुझानों तक कांग्रेस को 115 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। वहीं, भाजपा को 73 सीटें मिल रही है।

शेट्टार को छोड़, कांग्रेस के सभी बड़े नेता आगे

कर्नाटक चुनाव नतीजों के रुझानों में कांग्रेस के सभी बड़े नेता आगे चल रहे हैं। हालांकि, भाजपा से कांग्रेस में आए जगदीश शेट्टार 7000 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

सिद्धारमैया बोले- बड़ी जीत की ओर कांग्रेस

कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने रुझानों में कांग्रेस पार्टी को बहुमत मिलते देख खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि कि कांग्रेस को इस बार बड़ा बहुमत मिलेगा।

Back to top button