क्रिकेटर उत्कर्षा पवार ने ऋतुराज गायकवाड़ को किया ‘बोल्ड’, बंधे शादी के बंधन में

महाबलेश्वर। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को IPL 2023 में चैंपियन बनाने वाले ओपनर बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ शादी के बंधन में बंध गए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ ने अपनी गर्लफ्रेंड उत्कर्षा पवार से शादी रचाई है। उत्कर्षा भी एक क्रिकेटर हैं। वह महाराष्ट्र महिला क्रिकेट टीम की सदस्य हैं।

आईपीएल फाइनल जीतने के बाद ऋतुराज ने पहली बार अपने होने वाली पत्नी उत्कर्षा का दीदार कराया था। उत्कर्षा के साथ शादी के कारण रुतुराज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी हिस्सा नहीं लिए। गायकवाड़ ने बीसीसीआई को सूचित किया था कि वह अपनी शादी के कारण उपलब्ध नहीं रहेंगे।

बता दें कि 24 साल की उत्कर्षा मूल रूप से पुणे की रहने की वाली हैं। शुरू में वह फुटबॉल और बैडमिंटन खेला करती थीं लेकिन 11 साल की उम्र में उन्होंने क्रिकेट को चुन लिया। इसके बाद उन्हें महाराष्ट्र महिला क्रिकेट टीम में खेलने का मौका मिला। इसके अलावा उत्कर्षा ने न्यूट्रिशन और फिटनेस साइंस की पढ़ाई की है।

उत्कर्षा एक ऑलराउंडर हैं। वह बल्लेबाजी के साथ मीडियम पेस गेंदबाजी भी कर सकती हैं। उत्कर्षा के क्रिकेटिंग करियर की बात करें तो वह महाराष्ट्र अंडर-19 टीम में 2012-13 और 2017-18 सेशन में शामिल रही थी। इसके अलावा उन्हें वेस्ट जोन के अंडर-19 टीम में भी खेलने का मौका मिला। इसके बाद उनका चयन महाराष्ट्र के सीनियर टीम में भी हुआ।

उत्कर्षा ने महाराष्ट्र के लिए अपना आखिरी मैच नवंबर 2021 में खेला था। वह 24 साल की हैं और मध्यम गति की गेंदबाज हैं। उत्कर्षा और ऋतुराज लंबे समय में से एक दूसरे को जानते हैं। वे दोनों अपने कॉमन फ्रेंड के साथ एक दूसरे से मिले थे।

Back to top button