भाजपा के राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे का निधन, दो बार रहे विधायक व एकबार मंत्री

आगरा। भाजपा के राज्यसभा सदस्य हरद्वार दुबे का आज तड़के दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। दिल्ली स्थित आवास पर देर रात तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराए गए भर्ती थे। आज दोपहर तक उनका पार्थिव शरीर आगरा लाया जाएगा।

अचानक हार्ट में दर्द होने की शिकायत

बेटे प्रांशु दुबे ने बताया कि रविवार को वे बिल्कुल ठीक थे। अचानक हार्ट में दर्द होने की शिकायत पर उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां कुछ देर बाद ही सांसें थम गईं। आगरा छावनी से दो बार विधायक रहे व कल्याण सिंह सरकार में वित्त राज्यमंत्री रहे हरिद्वार दुबे 2020 में राज्यसभा सदस्य बने थे। वे सीतापुर, अयोध्या और शाहजहांपुर में आरएसएस के जिला प्रचारक भी रहे।

आगरा की राजनीति में लंबे समय से थे सक्रिय

मूल रूप से बलिया निवासी हरद्वार दुबे लंबे समय से आगरा में राजनीति कर रहे थे।

वर्ष 1969 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री बन आगरा आए थे। तभी से यहां की राजनीति में सक्रिय रहे।

1983 में वे महानगर इकाई के मंत्री बने।

इसके बाद महानगर अध्यक्ष बने।

1989 में छावनी से पहली बार चुनाव लड़ा और जीते।

इसके बाद 1991 में भी जीते।

उन्हें संस्थागत वित्त राज्यमंत्री बनाया गया।

2005 में वह खेरागढ़ विधानसभा से उपचुनाव लड़े, जिसमें हार का सामना करना पड़ा था।

वर्ष 2011 में प्रदेश प्रवक्ता और 2013 में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे।

भाई भी भाजपा नेता

हरद्वार दुबे के परिवार में पुत्र प्रांशु दुबे, पुत्रवधू उर्वशी, पुत्री डा कृत्या दुबे, दामाद डा शिवम और पौत्र दिव्यांश, पौत्री दिव्यांशी हैं। उनके भाई गामा दुबे भी वरिष्ठ भाजपा नेता हैं।

Back to top button