सुभासपा ने किया UCC का समर्थन, अरविंद राजभर ने कहा एक समान कानून जरूरी  

लखनऊ। उप्र में भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने यूनिफार्म सिविल कोड (UCC) का समर्थन किया है। राजधानी लखनऊ में आयोजित पार्टी की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में सुभासपा नेताओं ने कहा कि जो कानून देश हित में होगा, सुभासपा उसका समर्थन करेगी।

पार्टी के प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने कहा कि UCC सभी धर्मों के लिए एक समान कानून की बात करता है। UCC एक समान नागरिक संहिता को सुनिश्चित करेगा। इसलिए सुभासपा इसका समर्थन करेगी।

लखनऊ रविंद्रालय में आयोजित बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सुभासपा की भूमिका निर्णायक होगी। प्रदेश की 30 लोकसभा सीटों पर अपना प्रभाव रखने वाली सुभासपा के सहयोग के बिना कोई भी दल केंद्र में सरकार नहीं बना पाएगा। इसलिए सभी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर पार्टी की रीति व नीति को लेकर जनता के बीच जाएं।

इस मौके पर राजभर ने सपा व बसपा का नाम लिए बिना विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये दल जब सरकार में रहते हैं तो इन्हें पिछड़ों-दलितों की याद नहीं आती है। सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने की चिंता नहीं रहती। जब ये सत्ता से बाहर रहते तो इनकों बहुत चिंता होती है। उन्होंने कहा कि सुभासपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो सत्ता में रहने के बाद भी जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने की बात करती रही है।

Back to top button