भारतीय नौसेना को मिलेगी नई ताकत, बेड़े में शामिल होंगे 26 राफेल मरीन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय फ्रांस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई परियोजनाओं को लेकर समझौते हुए। इसी के तहत भारत सरकार ने भारतीय नौसेना को नवीनतम पीढ़ी के लड़ाकू विमानों से लैस करने के लिए राफेल मरीन के चयन की घोषणा की है।

भारतीय नौसेना के 26 राफेल पहले से ही सेवा में मौजूद 36 राफेल में शामिल हो जाएंगे। इसकी जानकारी डसॉल्ट एविएशन के माध्यम से मिली है।

डसॉल्ट एविएशन के अनुसार यह निर्णय भारत में आयोजित एक सफल परीक्षण अभियान के बाद आया है, जिसके दौरान नौसेना राफेल ने प्रदर्शित किया कि यह भारतीय नौसेना की परिचालन आवश्यकताओं को पूरा करता है और इसके विमान वाहक की विशिष्टताओं के लिए पूरी तरह उपयुक्त है।

राफेल मरीन को खरीदने का प्रस्ताव पास

रक्षा अधिग्रहण परिषद ने कल गुरुवार को भारतीय नौसेना के लिए 26 लड़ाकू विमान राफेल-एम (Rafale-M) को खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। रक्षा अधिकारियों ने जानकारी दी कि 26 विमानों में से 22 सिंगल-सीटर और 4 विमान ट्विन-सीटर हैं। यह विमान फ्रांस के दसॉल्ट एविएशन से खरीदे जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक, INS विक्रांत पर राफेल मरीन की तैनाती होने वाली है। बता दें कि साल 2016 के सितंबर में भारत ने 59,000 करोड़ रुपये के सौदे के तहत फ्रांस से 36 राफेल विमान खरीदे थे।

भारतीय नौसेना को मिलेगी नई ताकत

गौरतलब है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) की ओर से इस प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया था। मरीन राफेल के नेवी में शामिल होने से नेवी की ताकत तो बढ़ेगी ही बल्कि इसके साथ-साथ सैन्य कौशल को भी बढ़ावा मिलेगा।

मरीन राफेल के भारतीय नेवी में शामिल होने के बाद समंदर में भारत की शक्ति कई गुना तक बढ़ जाएगी और भारत राफेल के दोनों एडिशन (एयर और नेवी) को अपने बेड़े में शामिल करने वाला एक शक्तिशाली देश बन जाएगा। गौरतलब है कि इंडियन एयरफोर्स के लिए पहले ही फ्रांस से 36 राफेल खरीदे जा चुके हैं।

Back to top button