उत्तराखंड: सावन की शिवरात्रि आज, शिवालयों में लगा भक्‍तों का तांता

देहरादून। देवाधिदेव महादेव के प्रिय मास सावन की शिवरात्रि आज शनिवार को मनाई जा रही है। देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश व रुड़की सहित पूरे राज्‍य में शिवभक्‍तों की धूम है। वहीं कांवड़ के जलाभिषेक के लिए भी अलग से मंदिरों में व्यवस्था बनाई गई है।  

रुड़की से आज गुजरेगी सालियर की बड़ी कांवड़

रुड़की के सालियर की बड़ी कांवड़ आक शनिवार को रुड़की शहर से होकर गुजरेगी। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। ड्रोन के जरिए रामपुर गांव से लेकर शहर तक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही पुलिस की ओर से यहां पर चौकसी बढ़ा दी गई है। वहीं देहरादून के सहसपुर में शुक्रवार रात हुई घटना के बाद से पुलिस प्रशासन और भी ज्यादा अलर्ट है।

रुड़की में हाईवे से बाईपास तक कांवड़ियों का रेला

रुड़की में राजमार्ग से लेकर बाईपास तक कांवड़ियों का रेला लगातार बढ़ रहा है। जिसकी वजह से जाम लगा हुआ है। रुड़की शहर में पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। पुलिस प्रशासन लोगों को सलाह दे रहा है कि अनावश्यक रूप से बाईपास व हाईवे की तरफ न जाएं। शाम तक ही राजमार्ग और हाईवे से भीड़ छंटने की उम्मीद है।

शिवालयों में भक्‍तों का तांता

सावन की शिवरात्रि पर आज तड़के से शिवालयों में भक्‍तों का तांता लगा हुआ है। देहरादून, हरिद्वार व ऋषिकेश सहित पूरे राज्‍य में शिवभक्‍तों की धूम है। श्रावण मास की महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में हरिद्वार में श्रद्धालु शिव मंदिर पहुंच रहे हैं। कनखल के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रात से ही कतार लगी हुई है।

Back to top button