उप्र: 07 अगस्त से विधान मंडल का मानसून सत्र शुरू, कई विधेयक होंगे पारित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान मंडल का मानसून सत्र सात अगस्त से शुरू होगा। सत्र आहूत किए जाने के बारे में संसदीय कार्य विभाग के प्रस्ताव को कैबिनेट बाई सर्कुलेशन मंजूरी दिए जाने के बाद राज्यपाल ने भी इसे अनुमोदित कर दिया है। विधान सभा सचिवालय ने सत्र आहूत किये जाने के बारे में बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी है।

वर्ष 2023 में यह विधान मंडल का दूसरा सत्र होगा। इससे पहले विधान मंडल का बजट सत्र 20 फरवरी से तीन मार्च तक हुआ था। फिलहाल मानसून सत्र का सात से 11 अगस्त तक का कार्यक्रम मंजूर हुआ है। सत्र के दौरान सरकार कई विधेयकों को विधान मंडल से पारित कराएगी।

सरकार को इन मुद्दों पर घेरेगा विपक्ष

वहीं दूसरी ओर विपक्ष लगातार सरकार को सदन में घेरने की योजना बना रहा है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिजली, स्वास्थ्य और कानून- व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना चुका है।

विधान सभा की नई कार्य संचालन नियमावली को भी मानसून सत्र में मंजूरी मिलेगी। सत्र के दौरान विधान सभा का विस्तृत कार्यक्रम तय करने के लिए विधान सभा की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक होगी। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधान सभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली वर्ष 1958 में बनी थी।

समय के साथ इस नियमावली के कई प्राविधान अप्रासंगिक हो गए तो कुछ में बदलाव की जरूरत महसूस की गई। इसलिए विधान सभा सचिवालय ने उत्तर प्रदेश विधान सभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली, 2023 तैयार की गई है जिसे सदन की मंजूरी दिलाने का इरादा है।

Back to top button