एक और स्वर्ण की ओर नीरज चोपड़ा, फाइनल में पाकिस्तान के अरशद देंगे चुनौती

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक विजेता नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को एक ही थ्रो में न सिर्फ पेरिस ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया बल्कि विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में भी प्रवेश कर लिया। नीरज ने अपनी पहली ही थ्रो में 88.77 मीटर भाला फेंका। यह सत्र में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। अब वह 27 अगस्त को फाइनल में उतरेंगे और अपना पहला विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण जीतने की कोशिश करेंगे।

नीरज समेत तीन ने लगाई 83 मीटर से ज्यादा की थ्रो

फाइनल में पहुंचने वाले 12 थ्रोअरों में सिर्फ तीन ऐसे रहे जिन्होंने 83 मीटर के स्वत: क्वालिफिकेशन को पार किया। इनमें नीरज चोपड़ा के अलावा पाकिस्तान के अरशद नदीम (86.79) और टोक्यो ओलंपिक में रजत जीतने वाले चेक गणराज्य के जैकब वादलेज्चे (83.50 मीटर) शामिल हैं।

पाकिस्तान के अरशद देंगे नीरज को चुनौती

जकार्ता एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले पाकिस्तान के अरशद नदीम लंबे समय से चोटिल चल रहे थे। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 90 मीटर से अधिक दूरी भाला फेंककर स्वर्ण जीतने वाले अरशद ने इस सत्र में किसी बड़ी इवेंट में शिरकत नहीं की, लेकिन यहां उन्होंने 70.63 मीटर की थ्रो से शुरुआत की।

अंत में उन्होंने 86.79 मीटर की बड़ी थ्रो लगाकर फाइनल में प्रवेश किया। यह नीरज के बाद सर्वश्रेष्ठ थ्रो थी। वह ग्रुप बी में शीर्ष पर रहे। फाइनल में नीरज और अरशद के बीच रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

फाइनल में पहुंचने वाले जेवेलिन थ्रोअर

1-नीरज चोपड़ा (भारत)-88.77 (सत्र का सर्वश्रेष्ठ)

2-अरशद नदीम (पाकिस्तान)-86.79 (सत्र का सर्वश्रेष्ठ)

3-जैकब वादलेज्च (चेक गणराज्य)-83.50 (सत्र का सर्वश्रेष्ठ

4-जूलियन वेबर (जर्मनी)-82.39 मीटर

5-एडिस मैटसेविसियस (लिथुआनिया)-82.35

6-डीपी मनु (भारत)-81.31

7-डेविड वेगनर (पोलैंड)-81.25

8-इहाब अब्देलरहमान (मिस्र)-80.75

9-किशोर जेना (भारत)-80.55

10-ओलिवर हेलांडर (फिनलैंड)-80.19

11-टिमोथी हरमन (बेल्जियम)-80.11

12-एंड्रियन मारदारे (माल्डोवा)-79.78 मीटर

एक और स्वर्ण पदक के लिए तैयार हैं नीरज

2016 जूनियर विश्व चैंपियनशिप-स्वर्ण

2016 दक्षिण एशियाई खेल-स्वर्ण

2018 एशियाड-स्वर्ण

2018 राष्ट्रमंडल खेल-स्वर्ण

2020 टोक्यो ओलंपिक-स्वर्ण

2022 डायमंड लीग-स्वर्ण

Back to top button