पंजाब: कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा गिरफ्तार, NDPS केस के तहत की गई कार्रवाई  

चंडीगढ़। पंजाब के भुलथ से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को आज गुरुवार सुबह करीब पांच बजे जलालाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जलालाबाद पुलिस खैरा को लेकर उनके चंडीगढ़ स्थित निवास पर पहुंची है। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ एक पुराना NDPS (Narcotic Drugs and Psychotropic Substances) Act का केस था, इस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

हालांकि कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके खिलाफ दुश्मनी निकाल रहे हैं। कांग्रेस विधायक को आज 11 बजे जलालाबाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।

यह है मामला

जानकारी के अनुसार, 5 मार्च 2015 को जलालाबाद थाना सदर की पुलिस ने आठ व्यक्तियों को हेरोइन और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार व्यक्तियों में कपूरथला के एक आरोपी की सिफारिश उस समय सुखपाल खैरा ने की थी। बाद में सुखपाल सिंह खैरा को भी केस में आरोपी बना दिया गया था। सूत्रों के अनुसार, खैरा ने सुप्रीम कोर्ट से यह केस जीत लिया था, हालांकि इस की पुष्टि नहीं हुई है।

अरेस्ट के दौरान पुलिस से हुई बहस

जानकारी के मुताबिक जब जलालाबाद पुलिस खैरा के चंडीगढ़ स्थित निवास स्थान पर पहुंची तो खैरा ने एतराज किया। उनका कहना था कि वह पहले उन्हें अरेस्ट वारंट दिखाएं उसके बाद ही उसे गिरफ्तार कर सकते हैं। इस बात पर पुलिस और खैरा के बीच बहसबाजी भी हुई।

इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद खैरा ने कहा कि यह सारी कार्रवाई बदलाखोरी की है। वह किसी भी कीमत पर इस चीज को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उनके बेटे मेहताब खैरा ने कहा कि इस मामले में वह कोर्ट जाएंगे।

बाजवा बोले-खैरा को निशाना बनाया

वहीं विधानसभा में विरोधी पक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि वह इस कार्रवाई का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द इस मामले में संघर्ष का एलान करेगी उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा रोजाना सरकार के झूठ की पोल खोलते हैं इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ एरिया से पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ पुलिस को सूचित किए बिना सुखपाल सिंह खैरा को गिरफ्तार किया है ऐसे में पंजाब पुलिस पर चंडीगढ़ में किडनैपिंग का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

Back to top button