सिक्किम: अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही, अब तक 14 की मौत; 102 लापता

गंगटोक। देश के पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम के उत्तरी भाग में कल ल्होनक झील के पास बादल फटने की घटना ने भयंकर तबाही मचाई है। बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आने से कम से कम 14 लोगों की मौत की खबर है। वहीं 22 सैन्यकर्मी समेत करीब 102 लोग लापता बताए गए हैं, जिनकी खोज जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम में रात करीब डेढ़ बजे शुरू हुई बाढ़ की स्थिति चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण और बदतर हो गई। लापता लोगों को बचाने के लिए बड़े स्तर पर राहत-बचाव कार्य चलाए गए हैं।

इस बीच भारतीय सेना ने सिक्किम में लापता हुए आम लोगों और सैनिकों के परिवारों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए है।

यह हैं नंबर

उत्तर सिक्किम के लिए: 8750887741

पूर्वी सिक्किम के लिए: 8756991895

लापता सैनिकों के लिए: 7588302011

अधिकारियों ने कहा कि मरने वालों की पहचान जाहिर नहीं की है, हालांकि इनमें अधिकतर आम नागरिक हैं। उन्होंने बताया कि सुबह लापता हो गए सेना के 23 जवानों में से एक को बाद में बचा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम में रात करीब डेढ़ बजे शुरू हुई बाढ़ की स्थिति चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण और बदतर हो गई।

सिक्किम के मुख्य सचिव वीबी पाठक ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आए 3,000 से अधिक पर्यटकों के राज्य के विभिन्न हिस्सों में फंसे होने की सूचना है।

Back to top button