मुंबई: गोरेगांव की बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 7 लोगों की मौत, 39 घायल

मुंबई (महाराष्ट्र)। मुंबई के गोरेगांव में जी+5 इमारत में लेवल 2 की आग लगने की जानकारी सामने आई है। इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की जानकारी मिली है। आग लगने के बाद 30 से अधिक लोगों को बचाकर अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। घटना की जानकारी BMC ने दी है।

गोरेगांव में आग लगने की घटना पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने X पर ट्वीट कर कहा, मुंबई के गोरेगांव में आग लगने की घटना में जानमाल के नुकसान के बारे में जानकर दुख हुआ।

हम बीएमसी और मुंबई पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं और सभी सहायता प्रदान की जा रही है। उन परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

ताजा जानकारी के अनुसार, मुंबई के गोरेगांव में G+5 बिल्डिंग में आग लगने से अब तक घायल हुए कुल 46 लोगों में 7 लोगों की मौत की खबर है और 39 का इलाज एचबीटी और कूपर अस्पताल में चल रहा है। इसकी जानकारी मुंबई पुलिस द्वारा दी गई है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, बचाए गए 6 लोगों की हालत गंभीर है।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक, आग गोरेगांव के एमजी रोड स्थित जय भवानी बिल्डिंग में लगी थी। घटना के बाद मौके पर 8 दमकल की गाड़ियां, 5 जंबो वॉटर टैंकर, एक टर्न टेबल सीढ़ी और एक एम्बुलेंस को भेजा गया था।

उन्होंने बताया कि आग ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद दुकानों और ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहनों में फैल गई थी। निवासी इमारत की विभिन्न मंजिलों और छत पर भी फंसे हुए थे।

Back to top button