बसपा प्रमुख मायावती का 68वां जन्मदिन आज, CM योगी ने दी बधाई

लखनऊ। बसपा प्रमुख व उप्र की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती आज 15 जनवरी सोमवार को अपना 68वां जन्मदिन मना रही हैं। इस बार उनका जन्मदिन सभी जिला मुख्यालयों पर धूमधाम से तो मनेगा, लेकिन इस मौके पर न केक कटेगा और न ही कंबल सहित कोई दूसरा सामान या मिठाई बांटी जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को अपने-अपने घर पर ही परिवार के साथ बहन जी (मायावती) के जन्मदिन का केक काटने के लिए कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने पूछा कुशलक्षेम

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बसपा सुप्रीमो मायावती को जन्मदिन की बधाई दी। सीएम योगी ने मायावती से फोन पर बात कर जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने उनका कुशलक्षेम पूछा और दीर्घायु होने की कामना की।

जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनता है जन्मदिन

प्रत्येक वर्ष 15 जनवरी को मायावती का जन्मदिन जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया जाता रहा है। इस अवसर पर प्रदेशभर में आयोजनों के साथ ही बसपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मायावती खुद की लिखी ब्लू बुक (मेरे संघर्षमय जीवन एवं बीएसपी मूवमेंट का सफरनामा) का विमोचन करती रही हैं।

बसपा प्रमुख पिछले एक वर्ष के दौरान पार्टी की गतिविधियों का पूरा लेखा-जोखा समेटे रहने वाली ब्लू बुक के 19वें भाग के हिंदी व अंग्रेजी संस्करण का इस बार विमोचन कर सकती हैं। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि अब बहन जी के जन्मदिन पर जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटेंगे।

इसलिए लिया निर्णय

पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान केक काटने या फिर कंबल आदि वितरित करने के लिए चंदा वसूली न हो और वितरण से भगदड़ मचने की आशंका को देखते हुए ही बसपा प्रमुख ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि कार्यक्रम के बाद सभी अपने घर पर परिवार के साथ केक काटें और खुशियां मनाएं।

Back to top button