2024 चुनाव से पहले I.N.D.I. गठबंधन की पहली परीक्षा, चंडीगढ़ मेयर पर आज होगा फैसला

चंडीगढ़। पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ को आज गुरुवार नया मेयर मिल जाएगा। चंडीगढ़ मेयर चुनाव की चर्चा अब केवल यहीं तक सीमित नहीं रही। माना जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे इस चुनाव के परिणाम दूरगामी होंगे।

खास कर कांग्रेस-आप गठबंधन का यह पहला चुनाव है। इसलिए गुरुवार को गठबंधन की पहली परीक्षा होगी। चंडीगढ़ के मेयर चुनाव पर दिल्ली में बैठे दोनों दलों के वरिष्ठ नेता बुधवार को रणनीति बनाने में जुटे रहे। खास कर आम आदमी पार्टी इस पर बेहद गंभीर है।

राघव चड्ढा और पवन बंसल की हुई मुलाकात

बुधवार को आप नेता राघव चड्ढा से उनके चंडीगढ़ स्थित निवास पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन बंसल मिलने पहुंचे। दोनों ने एक-दूसरे के पार्षदों का एक-एक वोट गठबंधन की जीत के लिए डालना सुनिश्चित करने पर चर्चा की। चड्ढा ने कहा कि I.N.D.I. गठबंधन का यह पहला चुनाव है। इसके जरिये ही भाजपा को हराने की शुरुआत होगी।

इसके बाद लोकसभा चुनाव में भी सभी विपक्षी दल मिलकर पूरे देश से भाजपा को हराकर सत्ता से बाहर करेंगे। चंडीगढ़ मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए वीरवार को 11 बजे से मतदान होगा। कांग्रेस व आप के पार्षद अभी रूपनगर स्थित एक रिजार्ट में, जबकि भाजपा के पार्षद पंचकूला स्थित एक गेस्ट हाउस में हैं।

कुल 35 पार्षद डालेंगे वोट

फिलहाल बीजेपी के पास 14 पार्षद और एक सांसद का वोट है, वहीं आम आदमी पार्टी के पास 13 और कांग्रेस के पास 7 पार्षद हैं। शिरोमणि अकाली दल के पास 1 पार्षद है। बहुमत के लिए 18 वोटों की जरूरत है, जिसमें बीजेपी के पास सबसे ज्यादा 15 वोट हैं। हालांकि, अगर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक साथ आती हैं तो उनके पास कुल 20 वोट होंगे।

Back to top button