जासूस सत्येंद्र के मास्को में हुए लेनदेन की पड़ताल में जुटा ATS, कोर्ट में दी पुलिस रिमांड की अर्जी

लखनऊ। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहे मास्को स्थित भारतीय दूतावास के कर्मचारी सत्येंद्र सिवाल के दो बैंक खातों की छानबीन शुरू की गई है। आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने सत्येंद के मास्को में हुए लेनदेन की पड़ताल भी शुरू की है।

ATS ने सत्येंद्र को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए लखनऊ स्थित विशेष कोर्ट में अर्जी दाखिल की है, जिस पर मंगलवार को सुनवाई होगी। एडीजी एटीएस मोहित अग्रवाल का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विदेश मंत्रालय को सत्येंद्र सिवाल के बारे में लिखित सूचना भी दी गई है। सत्येंद्र से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अभी पूछताछ की जानी है। यह भी पता लगाया जाएगा कि उसने अब तक कौन-कौन से गोपनीय जानकारियां ISI से साझा की हैं।

एटीएस ने केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी सत्येंद्र के बारे में सूचना देने के साथ ही यह जानकारी जुटानी शुरू की है कि उसने मास्को में रहने के दौरान किन लोगों से किस तरह का लेनदेन किया था। उसके मास्को के खातों की जानकारियां जुटाई जा रही हैं। सत्येंद्र को पुलिस रिमांड पर लेकर इस बिंदू पर विस्तार से पूछताछ की जाएगी। उसके हापुड़ में दो बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनका ब्यौरा जुटाया जा रहा है। उसके कुछ करीबियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

सत्येंद्र विदेश मंत्रालय में मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के रूप में सुरक्षा सहायक के पद पर तैनात था। दो साल पहले प्रतिनियुक्ति पर मास्को भेजा गया था। एटीएस ने उसे रविवार को आइएसआइ के लिए जासूसी के मामले में पकड़ा था।

Back to top button