किसान आंदोलन: सख्ती के मूड में सरकार, किसान नेताओं पर होगी NSA के तहत कार्रवाई

चंडीगढ़। किसान आंदोलन को लेकर सरकार सख्ती के मूड में नजर आ रही है। किसान नेताओं के खिलाफ हरियाणा की अंबाला पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की घोषणा की है। पुलिस ने कहा, किसान नेताओं के भड़काने पर शंभू सीमा पर किसान पत्थरबाजी कर रहे हैं। इसके कारण 30 जवानों को चोटें आई हैं, एक पुलिसकर्मी को ब्रेन हैमरेज हुआ है और दो की मौत हो चुकी है।  

दूसरी ओर हरियाणा के जींद की खनौरी सीमा पर किसान शुभकरण सिंह की मौत के विरोध में किसान आज काला दिवस मनाएंगे। गुरुवार को बॉर्डरों पर दिन भर शांति रही। सोमवार 26 मार्च को देशभर के राजमार्गों पर ट्रैक्टर आक्रोश रैली निकालने और 14 मार्च को दिल्ली में किसान-मजदूर महापंचायत का भी एलान किया गया है।

किसान नेता के घर नोटिस चस्पा, संपत्ति की जानकारी मांगी

भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष और किसान मजदूर मोर्चा के सदस्य अमरजीत सिंह मोहड़ी के घर पर पुलिस का नोटिस चस्पा किया गया है। इस नोटिस को किसानों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।

यह नोटिस एसपी अंबाला की तरफ से जारी किया गया है और इसमें लिखा है कि अमरजीत सिंह मोहड़ी आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। इस नोटिस में कोर्ट के आदेशों का हवाला दिया गया है।

साथ ही यह भी बताया गया है कि आंदोलन अब उग्र होता जा रहा है ऐसे में प्रदर्शनकारी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा सकते हैं। लिहाजा बिना अनुमति के आंदोलन में शामिल होने पर अमरजीत सिंह मोहड़ी की संपत्ति से भी भरपाई हो सकती है। इसमें मोहड़ी की संपत्ति और बैंक खातों की जानकारी मांगी है।

कल रोके थे हाईवे

किसान आंदोलन के समर्थन व शुभकरण की मौत के विरोध में  किसान संगठनों ने पंजाब में तीन घंटे हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। वहीं, हरियाणा में चढ़ूनी गुट ने  सड़क जाम किया।

आज काला दिन मनाएंगे किसान, अगली रणनीति पर लिया जाएगा फैसला

अपनी मांगों के लिए किसानों का आंदोलन थमा जरूर है, रुका नहीं है। आज संयुक्त किसान मोर्चा काला दिवस मनाएगा। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री, हरियाणा के सीएम और गृहमंत्री अनिल विज के पुतले जलाए जाएंगे।

Back to top button