जौनपुर में भाजपा नेता प्रमोद यादव की गोली मारकर हत्या, धनंजय सिंह की पत्नी के खिलाफ लड़ चुके है चुनाव

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री बोधापुर गांव निवासी प्रमोद यादव की मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने आज गुरुवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी। गोली उनके सीने में लगी है।

प्राप्त समाचार के अनुसार सुबह लगभग दस बजे प्रमोद यादव अपने चार पहिया वाहन से घर से निकले थे। वह जैसे ही गांव के मोड़ पर रायबरेली-जौनपुर मार्ग के पास पहुंचे ही थे क‍ि तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग आए और गोली मार दी। गोली उनके सीने में लगी। घायल हालत में परिजन इलाज के ल‍िए उन्‍हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। घटना स्थल पर पुलिस फोर्स तैनात है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।

प्रमोद यादव 2012 के विधानसभा चुनाव में जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट से बाहुबली धनंजय सिंह की पूर्व पत्नी जाग्रति सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि दोनों को ही हार मिली थी। यहां से पारसनाथ यादव सपा से जीतकर आए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर निरीक्षण के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गयी है। बताया जा रहा है कि प्रमोद जैसे ही अपने घर से निकाल कर सड़क पर आए तभी बदमाशों ने गोली मार दी और फरार हो गए। मोटरसाइकिल सवार बदमाशों का पीछा पुलिस टीम कर रही है।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजय पाल शर्मा ने बताया कि घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इस मामले में टीम में लगा दी गई है। जल्दी घटना का वर्कआउट किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं का अस्पताल में जमावड़ा लग गया है।

Back to top button