IPL 2024: मयंक ने तोड़ा नॉर्त्जे-उमरान का रिकॉर्ड, फेंकी सीजन की सबसे तेज गेंद  

बेंगलुरु। IPL 2024 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के रफ़्तार के नए बादशाह मयंक यादव रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाते जा रहे हैं। लखनऊ की पंजाब किंग्स के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई और लगातार दो मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच बने।

मयंक ने मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ चार ओवर में महज 14 रन देकर तीन विकेट झटके जिससे उनकी टीम इस मैच को 28 रन से जीतने में सफल रही। वहीं, उससे पहले पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट झटके थे।

सीजन की सबसे तेज गेंद मयंक के नाम

मयंक ने मंगलवार को आरसीबी के खिलाफ मैच में इस सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकी। उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। दरअसल, पंजाब के खिलाफ मैच में मयंक ने 155.8 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।

वहीं, बेंगलुरु के खिलाफ उन्होंने 156.7 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंक कर अपने ही रिकॉर्ड में सुधार किया। यह इस सीजन अब तक की सबसे तेज गेंद है। वह उमरान मलिक के बाद 156 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज हैं। वहीं, ओवरऑल इस लीग में वह ऐसा करने वाले पांचवें गेंदबाज हैं।

आईपीएल 2024 में सबसे तेज गेंद

गेंदबाज                 पेस

मयंक यादव  156.7 किमी/घंटा

नांद्रे बर्गर     153.0 किमी/घंटा

गेराल्ड कोएत्जी            152.3 किमी/घंटा

अल्जारी जोसेफ            151.2 किमी/घंटा

मथीशा पथिराना            150.9 किमी/घंटा

मयंक ने तोड़ा नॉर्त्जे-मलिक का रिकॉर्ड

21 साल के मयंक ने मैच में ग्लेन मैक्सवेल (0), कैमरन ग्रीन (9) और रजत पाटीदार (29) को आउट किया। ग्रीन को तो उन्होंने स्पीड से बीट किया और क्लीन बोल्ड किया। इतना ही नहीं मयंक आईपीएल इतिहास में चार बार 155 किमी प्रति घंटा से ऊपर की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए। यानी उन्होंने चार गेंदें ऐसी फेंकी, जिसकी रफ्तार 155 किमी प्रति घंटा से ऊपर की थी।

इससे पहले उमरान मलिक और एनरिक नॉर्त्जे ने ऐसा दो-दो बार किया था। मयंक की 156.7 किमी प्रति घंटा की रफ्तार की गेंद आईपीएल इतिहास की चौथी सबसे तेज गेंद है। इस मामले में शॉन टेट शीर्ष पर हैं।

उन्होंने आईपीएल 2011 में 157.7 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। वहीं, उमरान आईपीएल में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 में 157 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।

Back to top button