रायबरेली से कौन होगा कांग्रेस उम्‍मीदवार? गांधी परिवार का यह करीबी अथवा ये महिला विधायक

रायबरेली। रायबरेली से प्रियंका गांधी के मैदान में उतरने की संभावना लगभग खत्म होती नजर आ रही है क्योंकि वह एक से तीन तक मध्य प्रदेश, गुजरात और फिर उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। अभी तक रायबरेली का कोई कार्यक्रम तय नहीं है।

बदलते चुनावी समीकरण के बीच कांग्रेस की ओर से बुधवार को कुंवर अजय पाल सिंह के चुनाव लड़ने की बात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने पूर्व विधायक कुंवर अजय पाल सिंह को प्रत्याशी बनाने की तैयारी की है।

कुंवर अजय पाल सिंह बेटे की मौत के बाद से चुनावी राजनीति से दूर हैं। उन्हें अगर मैदान में उतारा जाता है तो यह लोगों को चौंकाने वाला कदम होगा। वह 2007 से 2012 तक ऊंचाहार से कांग्रेस से विधायक रहे हैं। साथ ही वह गांधी परिवार के बेहद करीबी और भरोसेमंद माने जाते हैं।

अभी तक नहीं हुई आधि‍कार‍िक घोषणा

कुंवर अजय पाल सिंह ने बुधवार को अदेयता प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर लिया। पार्टी की ओर से अभी किसी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसे भी चर्चा का ही एक हिस्सा बताया जा रहा है।

ये भी बन सकती हैं प्रत्याशी

यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। वहीं, कांग्रेस का एक धड़ा यहां से दलित उम्मीदवार उतारने पर जोर दे रहा है। राहुल और प्रियंका को कुछ दलित नाम भी भेजे गए हैं। रायबरेली से दलित उम्मीदवार होने के भविष्य के फायदे भी बताए गए हैं।

इस संबंध में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि बृहस्पतिवार दोपहर बाद तक सस्पेंस खत्म हो जाएगा। अभी दोनों सीट पर उम्मीदवार के नाम की अधिकृत सूचना नहीं मिली है। जो भी उम्मीदवार होगा, पार्टी का हर कार्यकर्ता उसके साथ रहेगा।

Back to top button