IPL 2024: मैकगर्क के नाम एक और रिकॉर्ड, चहल टी20 में 350 विकेट लेने वाले पहले भारतीय

नई दिल्ली। आईपीएल 2024 के 56वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 20 रन से हरा दिया। इस मैच में दिल्ली के विस्फोटक ओपनर जेक फ्रेजर मैकगर्क ने कुछ ऐसा किया, जो इससे पहले 16 सीजन में कोई बल्लेबाज नहीं कर पाया था।

वह एक आईपीएल सीजन में तीन बार 20 से कम गेंद पर अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यशस्वी जायसवाल और निकोलस पूरन समेत सात बल्लेबाजों ने एक सीजन में दो बार 20 से कम गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। जेक इससे आगे निकल चुके हैं।

आईपीएल के सीजन में 20 से कम गेंदों पर सबसे ज्यादा बार अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाज

जेक फ्रेजर-मैकगर्क: 3 बार

यशस्वी जयसवाल: 2 बार

निकोलस पूरन: 2 बार

ईशान किशन: 2 बार

सुनील नरेन: 2 बार

कीरोन पोलार्ड: 2 बार

ट्रेविस हेड: 2 बार

केएल राहुल: 2 बार

यह मैकगर्क का पहला आईपीएल सीजन है और वह चार अर्धशतक लगा चुके हैं। इनमें तीन अर्धशतक 20 से कम गेंदों पर आए।

उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली में और मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली में ही 15-15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने 19 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। राजस्थान के खिलाफ वह 20 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुए।

राजस्थान रॉयल्स के युजवेंद्र चहल ने दिल्ली के खिलाफ इस मैच में चार ओवर में 48 रन खर्च किए और एक विकेट लिया। इसके साथ ही चहल टी20 क्रिकेट में 350 विकेट पूरे करने वाले भारत के पहले गेंदबाज और दुनिया के पांचवें स्पिनर बन गए हैं।

भारत से दूसरे नंबर पर पीयूष चावला हैं। उन्होंने टी20 प्रारूप में 310 विकेट लिए हैं। वहीं, ओवरऑल टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर राशिद खान (572 विकेट) हैं।

Back to top button