आज पटना आएगा पूर्व डिप्टी CM सुशील मोदी का पार्थिव शरीर, भाजपा के सारे कार्यक्रम रद्द

पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता व बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का सोमवार की रात दिल्ली में निधन हो गया। पिछले महीने की तीन तारीख को उन्होंने कैंसर होने की जानकारी देते हुए सक्रिय राजनीति से संन्यास की घोषणा की थी। 72 साल के सुशील मोदी गले के कैंसर से पीड़ित थे।

दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनका इलाज चल रहा था। पिछले चार दिनों से वह एम्स में भर्ती थे। उनके निधन की खबर से बिहार ही नहीं देश की राजनीति में शोक की लहर है। भाजपा ने बिहार में आज होने वाले अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम नीतीश कुमार, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव समेत देश के सभी वरीय नेताओं ने सुशील मोदी के निधन पर शोक जताया।

पार्थिव शरीर दोपहर 12 बजे पटना पहुंचेगा

आज दिल्ली से पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का पार्थिव शरीर दोपहर 12 बजे पटना पहुंचेगा। पटना एयरपोर्ट से सीधे राजेंद्र नगर स्थित निजी आवास पर लाया जाएगा। अंतिम दर्शन के बाद शव यात्रा निकाली जाएगी।

भाजपा कार्यालय, विधान पार्षद होते हुए शव गुलबी घाट पहुंचेगी। यहां पर अंतिम संस्कार होगा। इसमें सीएम नीतीश कुमार, दोनों डिप्टी सीएम समेत कई वरीय नेता शामिल होंगे।

पीएम मोदी ने जताया दुःख

पीएम नरेंद्र मोदी X पर लिखा पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी।

वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!

यूपी और एमपी ने सीएम ने जताया शोक

निधन पर शोक जताते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य  सुशील कुमार मोदी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उन्होंने देश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की। उनका संघर्ष कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा का कार्य करेगा।

मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री श्रीमान सुशील मोदी जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। छात्र राजनीति से सक्रिय राजनीति तक उन्होंने लंबा सफर तय किया और सभी भूमिकाओं में उल्लेखनीय कार्य किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में मुझे भी उनके साथ काम करने का अवसर मिला। उनका जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति है।

Back to top button