मप्र: सतना में डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, 4 लोगों की मौत; कई घायल

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां नेशनल हाईवे पर रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में बीते रविवार की रात तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी उमेश प्रताप सिंह दल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार मे फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। तत्काल एंबुलेंस की मदद से लोगों को जिला अस्पताल सतना भेजा गया है। अब घायलों की पहचान की जा रही है।

जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे सभी

बताया जा रहा है, सभी लोग एक जन्मदिन की पार्टी कर रीवा से लौट रहे थे, तब ये हादसा हुआ है। मृतकों के नाम  शिब्बू तिवारी, शिवा पाण्डेय, नितिन पाण्डेय और सानू बताया जा रहा है। बता दें कि जिस शख्स का जन्मदिन था, उसका नाम कृष्ण चंद्र जोशी है। कृष्ण चंद्र जोशी फिलहाल घायल हैं।

एक दिन पहले भी हुआ दर्दनाक हादसा

इससे पहले मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ था। बता दें कि 2 जून की रात कुछ बाराती बारात लेकर राजस्थान से राजगढ़ जिले के कुलामपुरा गांव आ रहे थे।

तभी लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पिपलोदी के पास पलट गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है और घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Back to top button