दिन में जारी रहेंगे लू के थपेड़े, रात और भी गर्म; जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम

लखनऊ। लगातार भीषण रूप धरती गर्मी के तेवर फिलहाल बदलने वाले नहीं हैं। मौसम विभाग के आकलन के अनुसार दिन में तीव्र लू के थपेड़े जारी रहेंगे ही, अब रात भी और गर्म हो सकती है। शुक्रवार को प्रदेश भर में प्रयागराज सबसे अधिक गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हमीरपुर में दिन का तापमन 46.2 और कानपुर देहात में भी 46.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं एक दर्जन जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के ऊपर ही रहा।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। अधिकतम 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

शुक्रवार को यहां बदला मौसम

दिनभर की भीषण गर्मी के बाद पश्चिमी उप्र के कुछ जिलों में शुक्रवार शाम को मौसम ने करवट ली। अलीगढ़ और आगरा में दिनभर भीषण गर्मी के बाद शाम को पहले धूल भरी आंधी चली फिर बूंदाबांदी होने लगी। मथुरा में भी आंधी से तीन मकानों की दीवार गिर गई, जिससे उधर से गुजर रहे छह लोग घायल हो गए। आंधी के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई।

रेड जोन जिला

शनिवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, चंदौली, मीरजापुर, वाराणसी, संतकबीरनगर, गोरखपुर, संत रविदासनगर, बस्ती, गोंडा, बहराइच, कानपुर देहात व नगर, मथुरा, आगरा, फिरोजबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर के आसपास के इलाकों में तीव्र लू चल सकती है। इन जिलों को रेड जोन में रखा है।

लू का अलर्ट

वहीं, प्रतापगढ़, सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, एटा, मैनपुरी के आसपास के इलाकों में भी लू चलेगी।

Back to top button