T20 WC सेमीफाइनल में रोहित शर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, क्रिस गेल के खास क्लब में मारी एंट्री

गयाना। भारतीय टीम के कप्तान और दिग्गज सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अब तक रंग में नजर आए हैं। सुपर 8 में ऑस्ट्रेलिया की तबियत से कुटाई करने के बाद रोहित ने इंग्लैंड को भी नहीं छोड़ा।

जिस पिच पर दोनों टीम के बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे। उस पिच पर हिटमैन जमकर रन बना रहे थे। उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रखीं थी। इसी के साथ रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में एक खास उपलब्धि भी हासिल की है।

उनका नाम अब टी20 क्रिकेट के बादशाह क्रिस गेल के साथ इस खास लिस्ट में जुड़ गया है। अब तक यह कारनामा सिर्फ क्रिस गेल ही कर पाए थे। हालांकि रोहित अब ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।

टी20 वर्ल्ड कप में 50 छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने रोहित

आज तक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सिर्फ वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल ने ही 50 से ज्यादा छक्के लगाए थे। उनके नाम इस टूर्नामेंट में 63 छक्के हैं। हालांकि अब टी20 वर्ल्ड कप में 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज रोहित शर्मा बन गए हैं।

उन्होंने यह कारनामा इंग्लैंड के खिलाफ अपनी 57 रन की पारी में किया था। रोहित ने इस मैच में 6 चौके और 2 छक्के लगाए थे। इसी के साथ उन्होंने यह खास उपलब्धि भी हासिल कर ली।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होगा फाइनल

29 जून को बारबाडोस में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल मुकाबला होने वाला है। जहां भारत 11 साल से आईसीसी ट्रॉफी जीतने में नाकाम रही है।

वहीं साउथ अफ्रीका ने आज तक कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है। ऐसे में दोनों टीमें यह खिताबी मुकाबला अपने नाम करने में पूरी जान लगा देंगी।

Back to top button