हिमाचल-उत्तराखंड के बाद मुंबई भी भारी बारिश से बेहाल, स्कूल बंद; ट्रेनों पर भी असर

नई दिल्ली। महाराष्ट्र, असम, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मानसून की बारिश के कारण मुंबई और पुणे की सड़कों पर जलभराव हो गया है। रेलवे ट्रैक में पानी भर जाने के कारण ट्रेन 1 घंटे की देरी से चल रही है।

कक्षा 12वीं तक आज सभी स्कूल बंद

मौसम विभाग ने मंगलवार 9 जुलाई को भी लगातार भारी वर्षा के बाद मुंबई में उच्च ज्वार की चेतावनी जारी की है। इस रेड अलर्ट के बाद मुंबई और पुणे के सभी स्कूलों को बंद करने का एलान किया गया है। कक्षा 12 तक के सभी स्कूल मंगलवार, 9 जुलाई को बंद रहेंगे। ये फैसला किसी भी अप्रिय घटना और आपात स्थिति को देखते हुए लिया गया है।

परीक्षाएं स्थगित

बता दें कि आज मुंबई विश्वविद्यालय में परीक्षाएं आयोजित होने वाली थी जिसे अब स्थगित कर दिया गया हैं। जल्द ही परीक्षाओं की नई तारीख की घोषणा की जाएगी। मुंबई, मुंबई उपनगरों, ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण ये फैसला लिया गया।

देरी से चल रही लोकल ट्रेन

इसके अलावा मुंबई में हो रही लगातार बारिश के कारण फास्ट और स्लो दोनों लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं।सेंट्रल रेलवे, सीपीआरओ ने बताया कि हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें अब लगभग समय पर चल रही हैं।

मुंबई में कब तक सताएगी बारिश?

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC), मुंबई ने सोमवार को मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। RMC ने पुणे और सतारा के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने 12 जुलाई तक मुंबई में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

Back to top button