विस उपचुनाव: बंगाल की सभी 4 सीटों पर TMC आगे, बिहार की रुपौली सीट पर बीमा भारती पिछड़ीं

नई दिल्ली। देश के 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के आज नतीजे आएंगे। बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में हाल ही में ये मतदान हुआ था।

मतगणना शुरू हो गई है। पंजाब में जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव को मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

सीएम मान ने लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद इस सीट पर जीत हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास किया है। वहीं, हिमाचल में सीएम सुक्खू की पत्नी मैदान में उतरीं, यहां सीएम की साख का सवाल है।

बंगाल की 4 सीटों पर TMC आगे

बंगाल की 4 सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। TMC सभी 4 सीटों पर आगे चल रही है। रायगंज, बागड़ा और मानिकतला के शुरुआती रुझानों में ममता की पार्टी को बढ़त है।

उत्तराखंड में भाजपा को तगड़ा झटका, दोनों सीटों पर कांग्रेस आगे

उत्तराखंड में भाजपा को तगड़ा झटका, दोनों सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। मंगलौर और बदरीनाथ के शुरुआती रुझानों में भाजपा पिछड़ रही है।

जालंधर पश्चिम सीट पर AAP आगे

जालंधर वेस्ट विधानसभा सीट के उपचुनाव के परिणाम में आम आदमी पार्टी को बढ़त है। दूसरे राउंड की मतगणना में मोहिंदर भगत (आप) को 9497 तो सुरिंदर कौर (कांग्रेस) को 3161 वोट मिले हैं। वहीं, शीतल अंगुराल (बीजेपी) को 1854 वोट मिले हैं।

हिमाचल की देहरा सीट पर पिछड़ी CM सुक्खू की पत्नी

हिमाचल प्रदेश की देहरा सीट पर CM सुक्खू की पत्नी पिछड़ गई हैं। देहरा विधानसभा सीट से दूसरे राउंड में भाजपा के होशियार सिंह कांग्रेस की कमलेश ठाकुर से आगे हैं। कमलेश ठाकुर को 2530 और होशियार सिंह को 2629 वोट मिले। 

रुपौली सीट पर जदयू के कलाधर प्रसाद मंडल आगे

बिहार की रुपौली सीट के उपचुनाव पर सभी की नजरें हैं। इस सीट पर जदयू की पूर्व नेता और अब राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं बीमा भारती का मुकाबला जदयू के कलाधर प्रसाद मंडल से है। अभी तक के रुझानों में जदयू उम्मीदवार कलाधर प्रसाद मंडल साढ़े छह हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं।

हिमाचल की हमीरपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आगे

हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पिंदर वर्मा पहले राउंट की मतगणना के बाद करीब तीन हजार वोटों से आगे चल रहे हैं।

Back to top button