कन्‍नौज दुष्‍कर्म कांड में फरार चल रही बुआ गिरफ्तार, दिल्‍ली-नोएडा तक मारा था छापा

कन्‍नौज। कन्‍नौज दुष्‍कर्म कांड में पीड़िता किशोरी की फरार चल रही बुआ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में गिरफ्तार सपा नेता व पूर्व ब्‍लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव के साथ पुलिस ने बुआ को भी आरोपी बनाया है। बुआ को पुलिस आज बुधवार को कोर्ट में पेश कर सकती है।

बताया जा रहा है कि आरोपी बुआ मंगलवार देर रात अपने मायके जा रही थी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उसे तिर्वा इलाके से पकड़ा गया है। 12 अगस्‍त को नवाब सिंह यादव की गिरफ्तारी के बाद दो दिनों तक आरोपी बुआ मीडिया के सामने बयान दे रही थी।

वह पुलिस पर नवाब सिंह को झूठे केस में गिरफ्तार करने का आरोप लगा रही थी। दूसरी ओर, लड़की के माता-पिता ने बुआ पर धोखा देने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने बुआ को भी इस केस में सह आरोपी बना दिया। तब से वह फरार चल रही थी। पुलिस टीमें उसकी तलाश में दिल्‍ली और नोएडा तक छापेमारी कर चुकी थी।

नवाब सिंह यादव का हो चुका है डीएनए टेस्‍ट

पुलिस नवाब सिंह यादव और पीड़ित लड़की का डीएनए टेस्‍ट करवा चुकी है। रिजल्‍ट का इंतजार है। इस बीच, नवाब सिंह यादव की गिरफ्तारी को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। नवाब सिंह यादव सपा की तरफ से ब्‍लॉक प्रमुख रह चुका है।

उसका कन्‍नौज में एक आलीशान होटल, डिग्री कॉलेज और भट्ठा है। पुलिस जांच कर रही है कि उसके पास करोड़ों की प्रॉपर्टी कहां से आई। बताया जाता है कि 2017 विधानसभा चुनाव में सपा का टिकट न मिलने पर नवाब सिंह यादव का पार्टी से खटास हो गया था।

Back to top button