उप्र: बबीता चौहान बनीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष, मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव उपाध्यक्ष  

लखनऊ। लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद अब उप्र की बीजेपी सरकार ने आयोग और निगम का गठन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में यूपी सरकार ने राज्य महिला आयोग का गठन कर दिया है। बीजेपी नेत्री बबिता चौहान को राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।

बबिता चौहान मौजूदा समय में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। साथ ही यूपी बीजेपी कार्यकारिणी में सदस्य की भूमिका में भी जिम्मेदारी निभा रही हैं।

आयोग में अध्यक्ष पद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह परिवार की बहू अपर्णा यादव का नाम ऊपर चल रहा था। अंतिम चरण में अपर्णा पीछे रह गईं। उन्हें आयोग में उपाध्यक्ष बनाया गया है। बबीता सिंह चौहान को अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी होने पर उनके घर पर बधाई देने वालों की भीड़ लग गई।

पति लायंस क्लब इंटरनेशनल में इंटरनेशनल डायरेक्टर

आगरा के हरीपर्वत थाना क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी में बबीता सिंह चौहान का आवास है। उनके पति जितेंद्र चौहान लायंस क्लब इंटरनेशनल में इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं। समाजसेवा में जितेंद्र चौहान और बबीता चौहान को कई पुरस्कार मिल चुके हैं।

 बबीता भाजपा में हर जिम्मेदारी पूरी मेहनत से निभा रही थीं। भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्र अध्यक्ष के रूप में उन्होंने शानदार कार्य किया। उनके कार्य को देखते हुए उन्हें पार्टी द्वारा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया।

खेरागढ़ से बनीं थीं जिला पंचायत सदस्य

जिला पंचायत चुनाव में बबीता चौहान ने ठाकुर बहुल्य क्षेत्र खेरागढ़ के वार्ड 31 से वे सदस्य बनीं।

पार्टी की मंशा के अनुरूप उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए डा. मंजू भदौरिया को समर्थन दिया।

जिला पंचायत सदस्य बनने के बाद से ठाकुर बहुल्य क्षेत्र खेरागढ़ में उनकी सक्रियता बढ़ गई।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में सक्रियता निभाने के साथ ही उन्होंने विधान सभा चुनाव 2022 में टूंडला विधान सभा क्षेत्र प्रभारी के रूप में कार्य किया।

2023 में शिकोहाबाद नगर पालिका चुनाव में प्रभारी रहीं।

बबीता चौहान ने कहा पार्टी ने संघर्ष और मेहनत का मुझे इनाम दिया है। पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते जो कार्य मुझे मिला है, उसे पूरी मेहनत से करूंगी। महिलाओं को सशक्त, समृद्ध और स्वस्थ बनाने के लिए कार्य करती रहूंगी।

Back to top button