Paris Paralympics: भारत ने अब तक जीते कुल 20 मेडल, पदक तालिका में किस स्थान पर पहुंचा?

पेरिस। पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत ने अब तक कुल 20 पदक जीत लिए हैं। खेलों के छठे दिन भारत ने पांच पदक अपने नाम किए। यह पदक भारत को दीप्ति, शरद कुमार, मरियप्पन थंगावेलु, अजीत सिंह और सुंदर गुर्जर ने दिलाए। मंगलवार को 5 पदक और जीतने के साथ ही भारत को पैरालंपिक पदक तालिका में तगड़ा फायदा हुआ है।

वहीं, भारत ने 20 पदक जीतने के साथ ही अपने ही रिकॉर्ड को ध्वस्त किया, जो कि टोक्यो ओलंपिक 2021 में बना था। टोक्यो 2021 में भारत ने कुल 19 पदक जीते थे, जो पैरालंपिक में उनके सबसे ज्यादा पदक जीतने का रिकॉर्ड था। ऐसे में जानते हैं पैरालंपिक मेडल टैली में भारत किस स्थान पर मौजूद है?

पदक तालिका में किस स्थान पर पहुंचा भारत?

पैरालंपिक गेम्स 2024 में भारत 20 पदकों में से 3 गोल्ड मेडल, 7 सिल्वर मेडल और 10 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है। आधे मेडल भारत को पैरा एथलेटिक्स में मिले, जबकि पैरा बैडमिंटन में भारत ने 5 मेडल जीते। शूटिंग में भारत को चार और तीरंदाजी में एक पदक मिला।

3 सितंबर को भारत ने पांच पदक अपने नाम किए, जिसमें दीप्ति जीवनजी ने महिला 400 मीटर टी20 कैटेगरी में कांस्य पदक जीतकर भारत को छठे दिन का पहला पदक दिलाया।

मेंस जेव्लिन थ्रो F46 फाइनल में भारत ने दो पदक जीते, जिसमें अजीत सिंह ने 65.62 मीटर का थ्रो फेंककर सिल्वर मेडल जीता और सुंदर सिंह गुर्जर ने 64.96 मीटर थ्रो से कांस्य पदक अपने नाम किया।

वहीं, शरद कुमार ने 1.88 मीटर की जंप के साथ सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। मरियप्पन थंगावेलु को 1.85 मीटर की जंप के साथ ब्रॉन्ज मेडल मिला।

भारत अभी 20 पदक जीतने के साथ पैरालंपिक पदक तालिका में 19वें पायदान पर मौजूद है। टॉप पर चीन कुल 115 मेडल के साथ मौजूद है।

दूसरे नंबर पर ग्रेट ब्रिटन 61 पदक जीतने के साथ बरकरार है। ऐसे में भारत को उम्मीद है कि वह ज्यादा से ज्यादा पदक जीते और पदक तालिका में ऊपर पायदान पर पहुंचे।

Back to top button