कोलकाता: ‘हम CM की भूमिका से संतुष्ट नहीं’, कैमरे के सामने रो पड़े पीड़िता के पिता

कोलकाता। कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को एक महीने से अधिक का समय हो गया, मगर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली से पीड़िता के माता-पिता संतुष्ट नहीं हैं।

प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के पिता कैमरे के सामने रो पड़े। उन्होंने कहा कि हम इस मामले में सीएम (ममता बनर्जी) की भूमिका से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कोई काम नहीं किया।

पिता ने कहा कि मेरी बेटी के साथ जो घटना हुई, हम शुरू से ही यह कह रहे हैं कि इसमें विभाग का एक व्यक्ति शामिल है। मगर पुलिस ने मेरे सामने सिर्फ संजय राय नाम के शख्स को लेकर आ गई और कहा कि मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा। मगर इतनी बढ़ी घटना अकेला व्यक्ति नहीं कर सकता है।

कोई नहीं मनाएगा दुर्गा पूजा

पीड़िता के पिता ने कहा कि हमें लगता है कि इस साल कोई भी दुर्गा पूजा नहीं मनाएगा। अगर कोई मनाता भी है तो वह खुशी से नहीं मनाएगा क्योंकि बंगाल और देश के सभी लोग मेरी बेटी को अपनी बेटी मानते हैं।

नौ अगस्त को मिली थी डॉक्टर की लाश

हाईकोर्ट के आदेश पर कोलकाता कांड की जांच सीबीआई कर रही है। इस मामले में अभी तक संजय राय नाम के शख्स की गिरफ्तारी हुई है।

नौ अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमीनार हॉल में महिला प्रशिक्षु डॉक्टर का शव मिला था। जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की बात सामने आई थी। इस घटना के खिलाफ पूरे देश में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

Back to top button