मुंबई में फिर बदला मौसम, भारी बारिश से सडकें बनीं तालाब; नवरात्रि उत्सव प्रभावित

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मौसम ने अचानक करवट ली और गुरुवार देर शाम मूसलाधार बारिश हुई। मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरी। हालात यह हुए कि कई जगहों पर सड़कें पानी से डूब गईं।

येलो अलर्ट जारी

वहीं, बारिश के कारण महानगर के कुछ निचले इलाकों में जलभराव की खबर है। अचानक हुई बारिश ने कई लोगों को हैरान कर दिया, क्योंकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने वित्तीय राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश के लिए केवल ‘येलो’ अलर्ट जारी किया था।

नवरात्रि उत्सव प्रभावित

बारिश के कारण चल रहे नवरात्रि उत्सव में भी बाधा आई और कई लोगों की ‘गरबा’ की योजना भी खराब हो गई। मुंबई की एलफिंस्टन रोड इलाके में भारी बारिश के कारण जलभराव देखा गया। यही हाल प्रभादेवी स्थित एनएम जोशी मार्ग का भी रहा। इसी तरह कई इलाकों में पानी भरने की जानकारी है।

कई जिलों के लिए येलो अलर्ट

इधर, कल के लिए यानी 11 अक्टूबर को भी मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र के 29 जिलों में 11 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट है। इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।

IMD का कहना है कि मुंबई के पूर्वी उपनगर, नवी मुंबई और रायगढ़ में भी तूफान के साथ बारिश हो सकती है। वहीं अगले दो घंटे के लिए भी मौसम विभाग ने तूफानी हवाओं के साथ बारिश की बौछारों का अनुमान लगाया है।

अन्य राज्यों में भी बारिश का अनुमान

मुंबई में शुरू हुई भारी बारिश के बीच आईएमडी ने कई राज्यों में भी अधिक मात्रा में वर्षा होने का अनुमान लगाया है। IMD की मानें तो अगले 3-4 दिनों के दौरान केरल, माहे तथा तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।

वहीं इस दौरान कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र, गुजरात क्षेत्र, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी वर्षा संभावना जताई गई है।

Back to top button