निकिता पोरवाल बनीं मिस इंडिया, मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

मुंबई। मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 बन गईं हैं। फेमिना मिस इंडिया 2024 का ग्रैंड फिनाले बुधवार की रात मुंबई के वर्ली में फेमस स्टूडियो में संपन्न हुआ। भारत की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता की यह 60वीं वर्षगांठ थी।

आखिरकार अब फेमिना मिस इंडिया 2024 को निकिता पोरवाल के रूप अपना विजेता मिल गया। अब वह मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। दादरा और नगर हवेली की रेखा पांडे को फेमिना मिस इंडिया 2024 की फर्स्ट रनर-अप का ताज पहनाया गया और गुजरात की आयुषी ढोलकिया ने फेमिना मिस इंडिया 2024 की सेकंड रनर-अप का खिताब अपने नाम किया।

निकिता पोरवाल, रेखा पांडे और आयुषी ढोलकिया को नेहा धूपिया ने फूलों का गुलदस्ता देते हुए सम्मानित किया। शाम की शुरुआत ‘टॉप 30 स्टेट विनर्स’ के परिचय के साथ फैशन सीक्वेंस से हुई।

इस अवसर पर फेमिना मिस इंडिया अरुणाचल प्रदेश 2024, ताडू लूनिया को प्रतिष्ठित टाइम्स मिस ब्यूटी विद अ परपज अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस बीच फेमिना मिस इंडिया मेघालय 2024, एंजेलिया मार्रवीन को टाइम्स मिस मल्टीमीडिया अवार्ड विजेता के रूप में सम्मानित किया गया, दोनों ने शीर्ष 15 में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

शीर्ष 15 प्रतिभागियों को प्रश्नोत्तर खंड में अंतिम परीक्षा का सामना करना पड़ा, जिसमें डिजाइनर निकिता म्हसालकर, अभिनेत्री संगीता बिजलानी, निर्देशक अनीस बज्मी, अभिनेत्री और पूर्व ब्यूटी क्वीन नेहा धूपिया, कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस और निर्देशक मधुर भंडारकर शामिल थे। इस शानदार शाम को राघव जुयाल और गायत्री भारद्वाज के प्रदर्शन ने और भी रोशन कर दिया।

पांच क्षेत्रीय विजेताओं में फेमिना मिस इंडिया नॉर्थईस्ट 2024- एंजेलिया मार्विन, फेमिना मिस इंडिया नॉर्थ 2024- सिफ्ती सिंह सारंग, फेमिना मिस इंडिया साउथ 2024- मालिना, फेमिना मिस इंडिया ईस्ट 2024- रिया नंदिनी और फेमिना मिस इंडिया वेस्ट 2024- अर्शिया राशिद शामिल थीं।

Back to top button