‘AAP कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले’, केजरीवाल ने CEC को लिखी चिट्ठी; रखी 4 मांगें

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार के लिए दो दिन बचे हैं। प्रमुख राजनीतिक दल प्रचार के दौरान एक-दूसरे पर धनबल का इस्तेमाल करने का आरोप लगा रहे हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को चिट्ठी लिखी है।

इसमें उन्होंने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हो रहे कथित हमले का जिक्र किया है। आप संयोजक ने अपनी चिट्ठी में चुनाव आयोग से चार मांगे की हैं।

केजरीवाल ने चिट्ठी में रखी ये 4 मांगें

  1. नई विधानसभा में इंडिपेंड इलेक्शन ऑब्जर्वर नियुक्त किये जाएं।
  2. चुनाव आयोग आम आदमी पार्टी वॉलेंटियर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
  3. ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार पुलिसवाले तुरंत सस्पेंड किया जाए।
  4. हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

उल्लेखनीय है कि रिठाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक व AAP प्रत्याशी महेंद्र गोयल ने प्रचार के दौरान उन पर हमला कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर AAP ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

हार के डर से गुंडागर्दी पर उतरी भाजपा: आप

AAP ने कहा कि भाजपा हार के डर से गुंडागर्दी पर उतर आई है। विधायक और आप प्रत्याशी महेंद्र गोयल पर इसीलिए भाजपा के लोगों ने हमला कराया है।

अरविंद केजरीवाल व CM आतिशी सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने शनिवार घटना का वीडियो एक्स पर पोस्ट किया। एक्स पर केजरीवाल ने लिखा कि अपनी हार से डरी भाजपा अब आप प्रत्याशियों की जान लेने पर उतर आई है। इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं।

हार से बौखलाई भाजपा- सिसोदिया

पार्टी का कहना है कि दिल्ली की जनता भाजपा को वोट नहीं दे रही तो क्या अब आप प्रत्याशियों की हत्या करवा कर चुनाव जीतेंगे। चुनाव आयोग को क्या भाजपा की गुंडागर्दी दिखाई नहीं दे रही है।

मनीष सिसोदिया ने एक्स पर लिखा कि हार से बौखलाई भाजपा अब आप नेताओं की हत्या करवाने पर उतारू है। सीएम आतिशी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा, भाजपा अपनी तय हार से बौखलाहट में आप नेताओं पर जानलेवा हमले करवा रही है।

Back to top button