वरूथिनी एकादशी के दिन घर लाएं ये शुभ चीजें, होगा मां लक्ष्मी का वास

नई दिल्ली। वैदिक पंचांग के अनुसार, हर साल वैशाख माह के कृष्ण पक्ष में वरूथिनी एकादशी मनाई जाती है। इस बार वरूथिनी एकादशी व्रत 24 अप्रैल को किया जाएगा।

इस खास तिथि पर भक्त जगत के पालनहार भगवान विष्णु और धन की मां लक्ष्मी की उपासना करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, वरूथिनी एकादशी के दिन पूजा और व्रत करने से साधक को जीवन में सभी सुख मिलते हैं।

यदि आप घर में मां लक्ष्मी का वास चाहते हैं, तो वरूथिनी एकादशी के शुभ अवसर पर सनातन धर्म में मानी गई शुभ चीजों को घर लाएं और उन्हें उचित जगह पर रखें।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस उपाय को करने से धन लाभ के योग बनते हैं। साथ ही घर में मां लक्ष्मी का वास होता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि वरूथिनी एकादशी के दिन किन चीजों को घर लाना शुभ माना जाता है?

आर्थिक संकट होगा दूर

अगर आप जीवन में लंबे समय से वास्तु दोष का सामना कर रहे हैं, तो इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए वरूथिनी एकादशी के दिन दक्षिणावर्ती शंख घर लाएं। इसके बाद इसे जल से साफ करें।

शंख की पूजा-अर्चना करें और मंदिर में रख दें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस उपाय को करने से वास्तु दोष दूर होता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का आगमन होता है। साथ ही आर्थिक संकट दूर होता है। 

धन-समृद्धि में होगी वृद्धि

घर में तांबे से बना कछुआ रखना बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, वरूथिनी एकादशी के दिन घर तांबे से बना कछुआ लाने से शुभ फल की प्राप्ति होती है। साथ ही धन-समृद्धि में वृद्धि होती है। 

मां तुलसी होंगी प्रसन्न

सनातन धर्म में तुलसी के पौधे की पूजा-अर्चना करने का विशेष महत्व है। मान्यता के अनुसार, इस पौधे में मां लक्ष्मी का वास माना जाता है। ऐसे में आप एकादशी के दिन घर में तुलसी का पौधा लगाएं। साथ ही रोजाना दीपक जलाकर पौधे की पूजा करें।

ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को करने से घर में सुख-शांति और मां लक्ष्मी का वास होगा। वास्तु शस्त्र के अनुसार, तुलसी के पौधे को घर में उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। इस दिशा में पौधे को लगाने से व्यक्ति को जीवन में जल्द ही शुभ परिणाम देखने को मिल सकते हैं। 

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं।

Back to top button