
नई दिल्ली। IPL 2025 में गुजरात टाइटंस ने चोटिल ग्लेन फिलिप्स के विकल्प के रूप में श्रीलंकाई ऑलराउंडर दासुन शनाका को अपने साथ जोड़ा है। ग्लेन फिलिप्स चोटिल होने के कारण शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
फील्डिंग करते समय लगी चोट
फिलिप्स को SRH के खिलाफ फील्डिंग करते समय ग्रोइन चोट लगी, जिसके कारण वो टूर्नामेंट से बाहर हो गए। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर को मौजूदा सीजन में खेलने का एक भी मौका नहीं मिला था, लेकिन ऑरेंज आर्मी के साथ वो पांचवें ओवर में बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में फील्डिंग करने आए थे।
फील्डिंग करते समय फिलिप्स चोटिल हो गए और कुछ ही मिनटों में उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद GT ने दासुन शनाका के साथ 75 लाख रुपये में करार किया। 33 साल के शनाका इससे पहले 2023 सीजन में हिस्सा ले चुके हैं।
आईपीएल में 2023 इकलौती बार शनाका को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला था। उन्होंने 3 मैचों में 26 रन बनाए। शनाका के पास अनुभव है। उन्होंने अपने टी20 करियर में 4449 रन बनाए और 91 विकेट चटकाए। यह देखना दिलचस्प होगा कि गुजरात की टीम किस तरह श्रीलंकाई ऑलराउंडर का उपयोग करेगी।
गुजरात का दमदार प्रदर्शन
बता दें कि शुभमन गिल के नेतृत्व वाली गुजरात टाइटंस ने मौजूदा IPL 2025 में दमदार प्रदर्शन किया और छह में से चार मुकाबले जीते। 8 अंकों के साथ गुजरात टाइटंस की टीम प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है।
गुजरात को अपनी दूसरी शिकस्त LSG के हाथों झेलनी पड़ी थी। पंत के नेतृत्व वाल सुपरजायंट्स ने गुजरात द्वारा मिले 181 रन के लक्ष्य को 19.3 ओवर में हासिल किया। गुजरात की टीम अगला मुकाबला शनिवार को टेबल टॉपर दिल्ली कैपिटल्स से होगा।