
नई दिल्ली। केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (CRPF) के 41वीं बटालियन में तैनात सिपाही मुनीर अहमद को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। आरोप है कि उन्होंने एक पाकिस्तानी महिला से शादी की और उसे वीजा खत्म होने के बाद भी छुपा कर रखा।
साथ इस बात की जानकारी CRPF को नहीं दी गई। यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा था, इसलिए उन्हें तुरंत बर्खास्त कर दिया गया। जवान की पत्नी मीनल खान का वीजा 22 मार्च 2025 को खत्म हो चुका था।
जवान ने यह बात भी विभाग से छिपाई। साथ ही उसने विभाग से इस तथ्य को भी छिपाया कि उसकी पत्नी ने लॉन्ग टर्म वीजा के लिए अप्लाई किया है। इस बारे में CRPF की एक रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ऐसा लगता है कि सिपाही मुनीर ने कोर्ट को भी सचाई छिपाते हुए गुमराह किया है।
कोर्ट में है मामला
यह मामला जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट के समक्ष विचाराधीन है। हाई कोर्ट ने 29 अप्रैल को मीनल के पाकिस्तान जाने पर 14 मई तक अगली सुनवाई पर स्टे लगा दिया है। सीआरपीएफ के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में प्रथम दृष्टया उनके जवान मुनीर अहमद पर अनुशासनात्मक कार्रवाई बनती है।
चूंकि, सिपाही मुनीर ने सबसे पहले 18 अक्टूबर, 2023 को CRPF में अपने कमांडेंट को लेटर लिखकर पाकिस्तानी नागरिक लड़की से शादी करने की अनुमति मांगी थी। मामला विभाग में विचाराधीन चल रहा था। इसके बावजूद बाद में पता लगा कि मुनीर ने विभाग से उसकी शादी के लिए परमिशन दिए बिना ही शादी कर ली थी।
टूरिस्ट वीजा पर आई थी भारत
28 फरवरी 2024 को मीनल पाकिस्तान से टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी। जहां शादी के बाद वह जम्मू में मुनीर के घर पर रह रही है। उसका वीजा 22 मार्च 2025 तक ही वैध था। आरोप है कि मुनीर ने बिना NOC मिले पाकिस्तानी लड़की से निकाह किया, फिर उसका वीजा खत्म होने के बाद भी वह उसे अवैध रूप से भारत में रख रहा था।