
सिंगापुर। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शनिवार को अपने एक बयान में कहा कि अमेरिका हिंद-प्रशांत महासागर क्षेत्र के सहयोगी देशों के साथ है और चीन की आक्रामकता की स्थिति में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका हिंद प्रशांत क्षेत्र के सहयोगी देशों के साथ रक्षा संबंधों को मजबूत करेगा।
ताइवान पर कब्जे की तैयारी कर रहा चीन
सिंगापुर में वैश्विक सुरक्षा सम्मेलन शंगरी-ला डायलॉग में बोलते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्री के निशाने पर खासतौर पर चीन रहा और उन्होंने ताइवान के खिलाफ चीन की आक्रामकता का भी जिक्र किया।
चीन द्वारा लगातार युद्धाभ्यास किया जा रहा है और उसके युद्धाभ्यास में ताइवान को ब्लॉक करने का अभ्यास किया जा रहा है।
चीन, ताइवान के हवाई और समुद्री क्षेत्र का भी लगातार उल्लंघन कर रहा है। चीन, ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, वहीं ताइवान खुद को आजाद देश कहता है।
हेगसेथ ने सिंगापुर में कहा कि ‘चीन की सेना युद्ध की तैयारियों में लगी है और हम इसे चाशनी में लपेटकर नहीं बताना चाहते। चीन का खतरा असली है और ये बेहद नजदीक भी है।
भारत के साथ बढ़ा रहे सैन्य साझेदारी
पीट हेगसेथ ने कहा कि हम भारत के साथ सैन्य साझेदारी बढ़ा रहे हैं और युद्धाभ्यास टाइगर ट्रायंफ के जरिए सहयोग को मजबूत किया जा रहा है।
साथ ही क्वाड और अन्य बहुस्तरीय समूहों के जरिए सहयोग को बढ़ाया जा रहा है। क्वाड के जरिए हिंद प्रशांत महासागर क्षेत्र में रसद आपूर्ति क्षमताओं को बढ़ाया जा रहा है।
भारत के साथ सैन्य सहयोग को पीट हेगसेथ ने मील का पत्थर बताया और कहा कि हर दिन के साथ यह मजबूत हो रहा है।