आज अनगिनत लोगों की ओर से झेले गए उथल-पुथल और दर्द को याद करने का दिन: PM मोदी

नई दिल्ली । विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मार्मिक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘भारत इतिहास के दुखद अध्याय के दौरान अनगिनत लोगों की ओर से झेले गए उथल-पुथल और दर्द को याद करते हुए आज के दिन को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में याद करता है।

यह उनके साहस का सम्मान करने का भी दिन है, अकल्पनीय क्षति का सामना करने और फिर भी नए सिरे से शुरुआत करने की ताकत पाने की उनकी क्षमता का सम्मान करने का दिन है।

प्रभावित हुए कई लोगों ने अपने जीवन का पुनर्निर्माण किया और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। यह दिन हमारे देश को एक सूत्र में पिरोने वाले सद्भाव के बंधन को मजबूत करने की हमारी स्थायी जिम्मेदारी की भी याद दिलाता है।’

देश को टुकड़ों में बांटकर मां भारती के स्वाभिमान को चोट पहुंचाई: शाह

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, ‘देश के विभाजन और उसकी त्रासदी के शिकार लोगों के दर्द को याद कर संवेदना व्यक्त करने का दिन है। इस दिन कांग्रेस ने देश को टुकड़ों में बांटकर मां भारती के स्वाभिमान को चोट पहुंचाई।

विभाजन के कारण हिंसा, शोषण और अत्याचार हुए और करोड़ों लोगों ने विस्थापन झेला। मैं उन सभी लोगों के प्रति मन की गहराई से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। देश विभाजन के इस इतिहास और दर्द को कभी भुला नहीं सकेगा। विभाजन की इस विभीषिका में अपनी जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’

Back to top button