ब्यूटी पार्लर, इंस्टा रील्स या दहेज; क्या है निक्की के दर्दनाक मौत की असल वजह?

ग्रेटर नोएडा। उप्र के ग्रेटर नोएडा की निक्की पायला की दर्दनाक मौत की असल वजह ससुरालीजनों की रूढ़िवादी सोच और संर्कींण मानसिकता बनी। शादी के बाद छह साल तक निक्की अपनी शिक्षा व हुनर को दबाए रही।

सूझबूझ से पति, सास, सुसर सभी की जी जान से सेवा की। इस उम्मीद से कि उसके प्रति मन के भाव बदलेंगे। उसे बहू न मानकर बेटी की तरह प्यार, स्नेह व आशीर्वाद मिलेगा। ससुरालीजनों की सोच में कोई बदलाव नहीं हुआ।

तीन साल पहले पति विपिन की चरित्रहीनता के किस्से निक्की के कानों तक पहुंचे। निक्की का बेटा पांच वर्ष का हो चुका था। पिता की चरित्र हीनता का असर बेटे पर न पड़े। इस सोच के साथ तीन वर्ष पहले उसने पति की करतूतों का विरोध शुरू कर दिया। यहीं से सास दया को दंपती के बीच नफरत की खाईं गहरी करने का मौका मिला और शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर। निक्की की अंतिम सांस तक यह जारी रहा।

कितना पढ़ी-लिखी थीं निक्की?

रूपबांस निवासी भिखारी ने अपनी दोनों बेटियों निक्की व कंचन को एनटीपीसी डीपीएस से बीए तक की पढ़ाई कराई थी। शादी के बाद भी बेटियां आत्मनिर्भर बनें, इस सोच के साथ ब्यूटीशियन का कोर्स भी कराया था। ब्याह के बाद दोनों बेटियां एक ही घर में पहुंचीं।

निक्की का पति विपिन व कंचन का पति रोहत दोनों पिता की परचून की दुकान से बमुश्किल अपने ही खर्चे चला पाते थे। दोनों बहनों को देने के लिए फूटी कौड़ी तक नहीं होती थी। बेरोजगार पतियों पर बोझ न बनें, इस सोच के साथ आत्मनिर्भरता की तरफ कदम बढ़ाया।

मकान में ही ब्यूटी पार्लर खोल दिया। हुनर काम आया, क्षेत्र में दोनों बहनों के काम को सराहना मिली। काम भी चल निकला। पूरे क्षेत्र में जिसके यहां भी शादी या अन्य आयोजन होते महिलाएं व युवतियां निक्की के ब्यूटी पार्लर में सेवाएं लेने पहुंचती।

कमाई होने से निक्की अक्सर पति विपिन को भी रुपये दे देती थी। जिसे वह नशे व महिलाओं पर उड़ा देता था। तीन वर्ष पहले चरित्रहीनता सामने आने पर निक्की ने विपिन को रुपये देने बंद कर दिए थे। इसके बाद नशे में धुत होकर विपिन अक्सर निक्की की पिटाई करने लगा।

सास भी उगलने लगी जहर

सास दया भी निक्की से खार खाए बैठी थी। पति से संबंधों में कड़वाहट आते ही वह निक्की के खिलाफ जहर उगलने लगी। कभी निक्की के मुंह नहीं ढकने की बात बोल कर विपिन को भड़का देती, तो कभी बोलती कि खाना रखकर बिना बताए चली गई, मैं क्या भेड़ बकरी हूं। इसके बाद विपिन द्वारा निक्की की पिटाई की जाती।

सोशल मीडिया को बनाया प्रचार का माध्यम

निक्की ने सोशल मीडिया का सदुपयोग किया। इससे उसका ब्यूटी पार्लर आसपास के क्षेत्र में तेजी से बेहतर कार्य के लिए प्रसिद्ध हुआ। इंस्ट्राग्राम पर निक्की के करीब 64 हजार फॉलोवर हैं। निक्की के अकाउंट पर पड़े सभी फोटो व वीडियो इसी से संबंधित हैं।

कोई भी फोटो या वीडियो ऐसा नहीं है, जिसमें किसी प्रकार की अश्लीलता प्रदर्शित हो रही है। इसके बाद भी इंस्ट्राग्राम पर अश्लील फोटो व रील डालने का आरोप लगाकर विपिन उसे पीटता था। विपिन को निक्की की सफलता रास नहीं आ रही थी। अंदर ही अंदर वह निक्की से जलन रखने लगा था।

गुर्जर समाज की पंचायतों में आए दिन समाज की महिलाओं व युवतियों को शिक्षित करने आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास करने के दावे किए जाते हैं। पंचायतों का जोर लड़कियों की शिक्षा व रोजगार पर रहा। इससे ही निक्की और उसकी बहन कंचन को हौसला मिला। दोनों ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ब्यूटी पार्लर खोला।

Back to top button