जापान में PM मोदी ने की बुलेट ट्रेन की सवारी, 16 राज्यपालों के साथ बैठक

टोक्यो। अमेरिकी टैरिफ से मची वैश्विक उथल-पुथल के बीच पीएम मोदी जापान और चीन के दौरे पर हैं। आज पीएम मोदी के जापान दौरे का दूसरा दिन है। वे आज भी वहां कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

वे टोक्यो इलेक्ट्रॉन फैक्ट्री का मुआयना करने जाएंगे। उन्होंने जापान की हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन की सवारी भी की। जापानी समकक्ष शिगेरू इशिबा के साथ टोक्यो से सेंदाई तक यात्रा की।

जापान के बाद आज ही पीएम मोदी चीन की ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना होंगे। जहां वे SCO के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। चीन में पीएम मोदी की चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भी बैठकें करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने 16 राज्यपालों के साथ बैठक की

वहीं, बुलेट ट्रेन से सेंडाई रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को टोक्यो में 16 जापानी प्रान्तों के राज्यपालों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के तहत राज्य-प्रान्त सहयोग को मज़बूत करने का आह्वान किया। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस बारे में जानकारी दी।

चर्चा में प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश, कौशल, स्टार्ट-अप और लघु एवं मध्यम उद्यमों के क्षेत्र में भारतीय राज्यों और जापानी प्रान्तों के बीच बढ़ती साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

MEA ने बताया कि प्रधानमंत्री ने राज्य-प्रान्तों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला और इस संबंध में साझा प्रगति के लिए 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान शुरू की गई राज्य-प्रान्त साझेदारी पहल के तहत कार्रवाई करने का आग्रह किया।

टोक्यो की इलेक्ट्रॉन फैक्टरी का दौरा करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी टोक्यो की इलेक्ट्रॉन फ़ैक्टरी और सेंदाई स्थित तोहोकू शिंकानसेन प्लांट का भी दौरा करेंगे। यहां बुलेट ट्रेन के डिब्बे बनाए जाते हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और उनके साथ जापानी समकक्ष इशिबा द्वारा भारत की बुलेट ट्रेन परियोजना में टोक्यो की भागीदारी के मुद्दे को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।

31 अगस्त को जिनपिंग व एक सितंबर को पुतिन के साथ बैठक

चीन के तियानजिन में होने जा रही शंघाई सहयोग परिषद (SCO) की बैठक में वैश्विक समीकरण में बड़े बदलाव की पटकथा लिखी जा सकती है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत व चीन के साथ त्रिपक्षीय वार्ता की संभावना तलाशने में जुटे हैं।

पीएम मोदी 31 अगस्त को चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग व एक सितंबर को पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस दौरान पुतिन त्रिपक्षीय वार्ता पर सहमति बनाने की कोशिश करेंगे।

टोक्यो में सभी कार्यक्रम समाप्त करने के बाद पीएम मोदी 31 अगस्त एवं एक सितंबर को चीन में रहेंगे। सात साल में अपने पहले चीन दौरे के दौरान वह SCO की 25वीं बैठक में हिस्सा लेंगे।

पीएम मोदी दुनिया की कुछ बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ बातचीत कर मेक इन इंडिया पहल के लिए समर्थन जुटाएंगे। जापान, चीन व रूस के समर्थन से भारत को अमेरिकी टैरिफ के असर को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Back to top button