US की अंदरुनी राजनीति में दखल दे रहा भारत, ट्रंप के सलाहकार ने फिर उगला जहर

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्रेड सलाहकार पीटर नवारो ने भारत पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने भारत पर विशेष हितों के लिए अमेरिकी राजनीति में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने एक्स पर कहा कि विदेशी हित निष्पक्ष पर्यवेक्षकों के रूप में अमेरिका की घरेलू अर्थव्यवस्था और राजनीति में दखलंदाजी करते हैं। भारतीय रूसी तेल खरीदने के बारे में झूठ बोलकर यूएस में दखलंदाजी करने की कोशिश कर रहे हैं।

ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो का भारत के खिलाफ बयानबादी का यह पहला मामला नहीं है। रूस से तेल खरीद पर वह भारत के खिलाफ जहर उगल चुके हैं। SCO समिट में शामिल होने के लिए भी उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि मोदी का जिनपिंग और पुतिन के साथ घुलना-मिलना शर्मनाक था।

भारत पर हमलावर नवारो

भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ पर बढ़ी तनातनी पर नवारो का कहना है कि भारत प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे ज्यादा टैरिफ दरें लगाता है और इसे स्वीकार नहीं करता है। इससे पहले नवारो ने कहा था कि रूस से तेल खरीद का फायदा भारत का सिर्फ एक छोटा तबका (ब्राह्मण) उठा रहा है।

नवारो ने कहा कि भारतीय रिफाइनर रूस से सस्ते दामों पर कच्चा तेल खरीद रहे हैं। उसे प्रोसेस करने के बाद महंगे दामों पर बेच रहे हैं। खासतौर से भारत के ब्राह्मण अपने देश के लोगों की कीमत पर मुनाफाखोरी कर रहे हैं। रूस इस पैसे का इस्तेमाल यूक्रेन युद्ध में कर रहा है। ऐसे में अमेरिका को इसे रोकना ही होगा।

भारत-अमेरिका के संबंधों में तनाव

बता दें कि अमेरिका ने बीते महीने भारत के सामानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया है। इसका ना सिर्फ व्यापार पर असर हुआ है बल्कि दोनों देशों के रिश्ते भी तनावपूर्ण हो गए हैं।

Back to top button