
चेन्नई। तमिलनाडु के करूर में शनिवार को एक्टर के राजनेता बने विजय की रैली में भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में मृतकों की संख्या 40 पहुंच गई है। वहीं, 60 से अधिक लोग इस हादसे में घायल हुए हैं। विजय की ये रैली लोगों के लिए घातक साबित हुई है। इस घटना के बाद आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
दरअसल, शनिवार को करूर में हुए इस हादसे के बाद विजय की पार्टी TVK ने CBI जांच की मांग तेज कर दी है। वहीं, BJP ने भी इस रैली में हुई घटना को लेकर DMK सरकार पर निशाना साधा है और राज्य सरकार पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।
करूर रैली में हुई भगदड़ के बाद विजय के प्रमुख सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं, उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने इस घटना की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए मद्रास उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
TVK का आरोप है कि इस घटना के पीछे एक गहरी साजिश हो सकती है। राज्य द्वारा नियुक्त न्यायिक आयोग ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि इस घटना में 40 लोगों की जान गई है और 100 से अधिक लोग घायल हैं। विजय ने मृतकों के प्रत्येक परिवार को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।