‘ISI ने कराया पहलगाम हमला’, मुनीर ने रची साजिश; पूर्व पाक मेजर का बड़ा खुलासा

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व सैन्य अफसर आदिल राजा ने पहलगाम आतंकी हमले पर बड़ा दावा किया है। राजा का कहना है कि पहलगाम में खून बहाने के लिए पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर ने ISI के विशेष अफसर को जिम्मेदारी दी थी।

राजा ने अफगानिस्तान के एक एक्सपर्ट से बातचीत के दौरान बताया कि तालिबान से वार्ता कर रहे ISI के जनरल शहाब असलम इस साल पहलगाम में हुए आतंकी हमला कराने वाले पाकिस्तानी अफसर हैं। उनका बर्ताव तालिबान के साथ भी अच्छा नहीं है।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच इस महीने हुए सैन्य संघर्ष के बाद दोनों पक्ष वार्ता कर रहे हैं। पहले दौर की वार्ता में कतर में सीजफायर पर सहमति बनी। हालांकि दूसरे दौर की वार्ता में तुर्की में दोनों पक्षों के प्रतिनिधिमंडल कई मुद्दों पर सहमति नहीं बना सके।

इस गतिरोध पर आदिल राजा ऑनलाइन माध्यम से अफगानिस्तान के कारी सईद खोस्ती से बात कर रहे थे, इसी दौरान पहलगाम हमले पर बड़ा खुलासा उन्होंने किया।

मुनीर के इशारे पर रची साजिश

लंदन में रहने वाले पाकिस्तान के पूर्व सैन्य अधिकारी आदिल राजा ने सईद खोस्ती से सवाल किया कि इस्लामाबाद और काबुल के प्रतिनिधिमंडलों में तुर्की में बात क्यों नहीं बन सकी। इस पर खोस्ती ने कहा कि इसकी वजह पाकिस्तानी पक्ष का मनमाना और खराब रवैया है।

पाकिस्तानी अफसरों ने बातचीत के दौरान अफगान लोगों से उस तरह बात नहीं की, जैसे एक पेशेवर डेलीगेशन को करनी चाहिए। सईद खास्ती ने इस दौरान राजा से यह भी कहा कि तालिबान से बात कर रहे पाकिस्तानी डेलीगेशन को ISI के DG (स्पेशल ऑपरेशन) जनरल शहाब असलम कर रहे हैं।

इस पर आदिल ने कहा कि असलम तो वही अफसर हैं, जिन्होंने मुनीर के इशारे पर पहलगाम हमले की साजिश रची। जनरल असलम वही शख्स हैं, जो पूरी तरह से पहलगाम में बहे मासूमों के खून लिए जिम्मेदार है।

कई दावे करते रहे हैं राजा

आदिल राजा पाकिस्तानी सेना और सरकार पर अक्सर विस्फोटक दावे करते रहते हैं। हाल ही में आदिल ने अपने एक वीडियो में कहा था कि असीम मुनीर ने अमेरिका की मदद के भरोसे अफगानिस्तान में हवाई हमले करते हुए तालिबान से लड़ाई शुरू की।

हालांकि, मुनीर को तब झटका लगा, जब ट्रंप प्रशासन ने उनकी मदद से इनकार कर दिया। मुनीर ने बगराम बेस के नाम पर ट्रंप को ललचाने की कोशिश की थी लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो सके।

Back to top button