
पटना। बिहार के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है। सात बजते ही 45341 बूथों पर वोटिंग शुरू हो गई। यह मतदान शाम 6 बजे तक चलना है। छह विधानसभा क्षेत्रों में 2135 बूथों पर वोट 5 बजे तक पड़ेंगे।
पहले चरण में वर्तमान सरकार के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, राजद नेता तेजस्वी यादव, उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव, बाहुबली अनंत सिंह समेत कई दिग्गज चुनावी मैदान में हैं।
पहले चरण की 121 विधानसभा सीटों पर सुबह 9 बजे तक 13.13 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक मतदान सहरसा में 15.27 % दर्ज किया गया, इसके बाद बेगूसराय में 14.60% दर्ज किया गया।
वहीं मुजफ्फरपुर में 14.38%, वैशाली में 14.30%, खगड़िया में 14.15% और गोपालगंज में 13.97% मतदान हुआ। मधेपुरा, मुंगेर, लखीसराय, सीवान, सारण, और बक्सर में मतदान प्रतिशत क्रमशः 13.74%, 13.37%, 13.39%, 13.35%, 13.30%, और 13.28% रहा।
भोजपुर में 13.11% दर्ज किया गया। समस्तीपुर 12.86%, दरभंगा 12.48%, नालंदा 12.45%, और शेखपुरा 12.97% में मतदान हुआ।। पटना जिले में सबसे कम मतदान प्रतिशत 11.22% दर्ज किया गया।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व सीएम राबड़ी देवी और उनकी बेटी मीसा भारती ने पटना के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में बने बूथ पर मतदान किया। मीसा भारती ने महागठबंधन की जीत का दावा किया।
मतदान केंद्र पर पहुंची मैथिली ठाकुर
दरभंगा के अलीनगर से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर मतदान केंद्र पर पहुंचीं। उन्होंने अहले सुबह अलीनगर के महादेव मंदिर में बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। इसके बाद बूथ पर घूम रही हैं। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने की अपील की।





