
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) समेत पूरे उत्तर भारत में अब गलन वाली ठंड पड़नी शुरू हो गई है। कश्मीर समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र की चोटियों पर बर्फबारी के बाद पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने मैदानी राज्यों में ठिठुरन बढ़ा दी है। कई इलाकों में नदी-नाले और जलस्रोत जम गए हैं।
उत्तर से पूर्वोत्तर और पश्चिम से पूर्वी राज्यों तक कोहरे का कहर भी बना हुआ है। इस तरह मौसम की मार से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
रेल से लेकर प्लेन के सफर पर असर पड़ा है। अगले चार-पांच दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है और कुछ जगहों पर शीतलहर भी चल भी सकती है।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों, खासकर गंगोत्री, बद्रीनाथ, केदारनाथ और पिथौरागढ़ जैसे क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और पाले के कारण नदियां, नाले और झरने जम गए हैं।
इससे तापमान शून्य से 11-12 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। केदारनाथ धाम की चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं।
पाले को आग में पिघलाकर पानी की आपूर्ति
पाले की कई इंच मोटी परत के बीच भागीरथी नदी में बहुत कम पानी बह रहा है। केदार गंगा, ऋषिकुर नाला, पागल नाला, चीड़बासा नाला भी पूरी तरह जम चुके हैं। गंगोत्री में पानी की आपूर्ति के लिए पाले को आग में पिघलाकर पूरा किया जा रहा है।
गुलमर्ग में पारा माइनस 6.50
कश्मीर में रात का पारा जमाव बिंदु पर पहुंच गया है। रातें और ठंडी हो गई हैं। रविवार को सबसे ठंडा गुलमर्ग रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि श्रीनगर में माइनस 3.2 डिग्री रहा।
रविवार को दोपहर में धूप तो निकली पर ठंडी हवा के आगे बेअसर लगी। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 9.6 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री रहा।
शोपियां में तापमान में गिरावट से जलस्रोत जम गए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस सप्ताह तापमान तीन डिग्री तक और गिरेगा।
शीतलहर की चपेट में यूपी व राजस्थान
उत्तर प्रदेश भीषण ठंड पड़ रही है। कई इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। प्रयागराज व अयोध्या में रात और सुबह के समय घना कोहरा बना रहता है, जबकि वाराणसी में शीतलहर से लोग परेशान हैं।
आगरा, कानपुर में दृश्यता शून्य मीटर रही। फतेहगढ़ 20 मीटर, अयोध्या, लखनऊ व बहराइच में 50-50 मीटर रही। यूपी में कानपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री रहा।
किन्नौर में जम गई नाको झील
हिमाचल में भीषण ठंड से किन्नौर की नाको झील पूरी तरह जम गई है। यहां पर्यटक झील पर स्केटिंग करते दिखे। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम पारा माइनस 6.3 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में यह 3.6 डिग्री रहा। सोमवार व मंगलवार को बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
घने कोहरे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने सात दिनों के दौरान उत्तर भारत और उससे सटे मध्य भारत में रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
सोमवार को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी यूपी और बिहार के कुछ इलाकों में भीषण शीतलहर चल सकती है। 5-10 जनवरी के दौरान पश्चिम और पूर्वी राजस्थान में और 6-7 जनवरी के दौरान झारखंड में शीतलहर चलने की संभावना है।
रविवार को इन राज्यों के साथ ही पूर्वोत्तर के राज्य असम, मेघालय, त्रिपुरा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर बहुत घना कोहरा देखा गया।





