
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते की घोषणा के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री ने आखिरकार हार मान ली है। यह फादर आफ आल डील्स नहीं हो सकता।
मिस्टर इंडिया फिल्म के एक संवाद का हवाला देते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा- स्पष्ट है कि मोगैंबो खुश है। बता दें कि इससे पहले भारत और यूरोपीय संघ के मुक्त व्यापार समझौते को मदर आफ आल डील्स कहा जा रहा था।
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर द्वारा प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत की पुष्टि किए जाने के बाद भी कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोल दिया था।
विपक्षी पार्टी ने कहा कि ऐसा लगता है कि भारत को अपनी सरकार की गतिविधियों की जानकारी केवल ट्रंप या उनके द्वारा नियुक्त अधिकारियों से ही मिलती है।
ट्रंप ने की मोदी से बातएक्स पर एक पोस्ट में गोर ने कहा था कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की है। देखते रहिए।
उस समय तक भारत सरकार की ओर से बातचीत का कोई विवरण नहीं दिया गया था, लेकिन बाद में पीएम मोदी ने खुद एक्स पर पोस्ट कर वार्ता की जानकारी दी।
भारत सरकार की तरफ से नहीं, बल्कि..
सर्जियो गोर की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने आज आपस में बात की।
यह जानकारी भारत सरकार की तरफ से नहीं, बल्कि भारत में अमेरिकी राजदूत ने दी है। अब तो यही आम बात हो गई है-भारत को अपनी सरकार की गतिविधियों की जानकारी सिर्फ राष्ट्रपति ट्रंप या उनके नियुक्त अधिकारियों से ही मिलती है। ट्रंप-निर्भरता!





