
लखनऊ। उप्र के शामली में बाइक सवार से लूट के बाद भाग रहे 50 हजार के इनामी बदमाश की पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
इस दौरान गोली लगने से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि एनसीआर का कुख्यात बदमाश रिहान मारा गया।उसका साथी फरार हो गया।
मारे गए बदमाश पर 90 मुकदमे दर्ज थे। उसके पास से मेड इन इटली और एक देसी पिस्तौल बरामद हुई है।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे बाबरी क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने फतेहपुर निवासी राहुल से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया।
सूचना मिलते ही बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई। रात करीब 12:30 बजे कोतवाली पुलिस और आदर्श मंडी पुलिस पूर्वी यमुना नहर पर बदमाशों को तलाश कर रही थी।
तभी बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सिपाही सुमित बैसला घायल हो गए।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को भी गोली लगी, जबकि उसका साथी फरार हो गया। सिपाही और बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बदमाश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने बताया कि बदमाश दिल्ली के ओखला नगर निवासी रिहान था। झिंझाना थाने से वह दिसंबर से वांछित था। उस पर 90 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बदमाश के पास से दो पिस्टल बरामद हुई है, जिनमें से एक मेड इन इटली है, और दूसरी देसी है। लूटा गया मोबाइल फोन और नगदी भी बरामद हुई है।
दिल्ली और गाजियाबाद में सबसे अधिक वारदात
एसपी ने बताया कि मारे गए बदमाश पर सबसे अधिक 49 मुकदमे दिल्ली और 28 गाजियाबाद में दर्ज हैं। इसके अलावा शामली, बागपत हापुड, बुलंदशहर में भी लूट, चोरी व जानलेवा हमले के मुकदमे दर्ज हैं।





