IND vs NAM: मैच से पहले भारत को लगा एक और झटका, ईशान किशन हुए चोटिल; अभिषेक के खेलने पर संशय बरकरार

नई दिल्ली। T20 वर्ल्ड कप में नामीबिया के खिलाफ आज गुरुवार 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम को एक और झटका लग सकता है।

दरअसल, स्टार बल्लेबाज ईशान किशन अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए। बुमराह की खतरनाक यॉर्कर से वह चोटिल हुए। इससे पहले अभिषेक शर्मा पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे। हालांकि, बुधवार को उन्हें छुट्टी मिल गई।

बुमराह की गेंद से लगी चोट

नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले अभ्यास सत्र के दौरान ईशान किशन शानदार लय में नजर आए, लेकिन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की एक तेज यॉर्कर उनके बाएं पैर पर लग गई, जिससे उन्हें थोड़ी देर के लिए मैदान छोड़ना पड़ा। हालांकि, किशन बाद में दोबारा बल्लेबाजी करने लौटे, लेकिन ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिके।

बुमराह की होगी वापसी

बुमराह लगातार दूसरे दिन पूरी रफ्तार से गेंदबाजी करते दिखे, जो टीम इंडिया के लिए राहत की खबर है। वह अमेरिका के खिलाफ टी20 विश्व कप के पहले मुकाबले में नहीं खेल पाए थे।

अब उम्मीद है कि वह नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं, जो पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मुकाबले से पहले उनके लिए अहम तैयारी साबित होगा।

मैच से पहले तिलक वर्मा ने कहा, ‘बुमराह अब बिल्कुल ठीक हैं और बेहतर महसूस कर रहे हैं। हमारे पास अभी एक दिन और है। अगर वह ऐसे ही सुधार करते रहे तो टीम प्रबंधन फैसला लेगा। मुझे लगता है कि वह दूसरे मैच में वापसी कर सकते हैं।’

Back to top button