हरिद्वार में बुर्का पहने महिला कांवड़ यात्री का वीडियो वायरल, धार्मिक पहचान को लेकर किए जा रहे तरह-तरह के दावे

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार से जुड़ा एक वीडियो दो दिन से इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में कांवड़ यात्रियों के एक दल के बीच बुर्का पहने एक महिला नजर आ रही है।

महिला की धार्मिक पहचान को लेकर इंटरनेट मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। कई यूजर उसे मुस्लिम बता रहे हैं, जबकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

बताया जा रहा है कि संबंधित महिला ने हरिद्वार के किसी गंगा घाट से कांवड़ उठाई है और वह कांवड़ यात्रियों के समूह के साथ आगे बढ़ रही है। वीडियो बृहस्पतिवार का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी सही तिथि और स्थान की पुष्टि नहीं हो सकी है।

धर्म और आस्था से जुड़े इस विषय पर इंटरनेट मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कुछ लोग इसे आस्था की समरसता का प्रतीक बता रहे हैं तो कुछ इसे लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। इस वीडियो की रील को कई लोग अपने अकाउंट्स से साझा कर रहे हैं।

गौरतलब है कि सावन मास के तरह फाल्गुन मास में हरिद्वार से कांवड़ यात्रा का चलन तेजी से बढ़ रहा है। देश के कोने-कोने से शिवभक्त यहां पहुंचकर गंगा जल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। इसी बीच यह वीडियो प्रसारित हुआ है।

रील बनाने का भी हो सकता है चस्काइंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे बुर्का में कांवड़ उठाती महिला के वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, कुछ लोग इसे महज रील बनाने का चस्का भी बता रहे हैं।

हरिद्वार में पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। गौरतलब है कि हरिद्वार में कुछ दिन पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र के पास दो युवक सऊदी अरब के शेख की वेशभूषा में रील बनाते हुए नजर आए थे।

उनका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ था। प्रारंभिक तौर पर उनकी पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया तब सामने आया कि दोनों युवक हिंदू समुदाय से संबंधित थे।

Back to top button