IND vs PAK: बारिश के कारण रद हुआ मुकाबला तो क्या होगा? भारतीय टीम की सुपर-8 की उम्‍मीदों को लग सकता झटका

नई दिल्ली। भारत-पाकिस्‍तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। टी20 विश्‍व कप 2026 का यह 27वां मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।

कोलंबो के मौसम ने फैंस की टेंशन बढ़ा रखी है। रविवार को कोलंबो में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में अगर भारत-पाकिस्‍तान मैच पर पानी फिरता है तो क्‍या होगा? यह सवाल हर क्रिकेट प्रेमी के मन में उठ रहा है।

रिजर्व डे नहीं है

भारत-पाकिस्‍तान मुकाबले के लिए या फिर टी20 विश्‍व कप 2026 में ग्रुप स्‍टेज के मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। ऐसे में अगर बारिश के कारण मुकाबला रद होता है तो दोनों ही टीमों को 1-1 अंक दिया जाएगा।

ग्रुप ए की बात करें तो टीम इंडिया अभी टॉप पर है, वहीं पाकिस्तान दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमों के 4-4 अंक हैं। हालांकि, भारत का रन रेट पाकिस्तान के मुकाबले काफी बेहतर है।

ग्रुप स्‍टेज में अगर किसी मुकाबले का रिजल्‍ट निकालना है तो कम से कम 5-5 ओवर का मैच जरूरी है। यदि बारिश के कारण खेल बाधित होता है लेकिन न्यूनतम ओवर (5) फेंके जा चुके हैं, तो हमेशा की तरह चेज करने वाली टीम के लिए रिवाइज टारगेट की गणना करने के लिए DLS मैथड का उपयोग किया जाएगा।

रविवार को कोलंबो का मौसम

  • श्रीलंका के मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, “15 फरवरी के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।”
  • AccuWeather की रिपोर्ट के मुताबिक, कोलंबो में रविवार को बारिश की 93 प्रतिशत संभावना जताई गई है।
  • दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्‍यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
  • कोलंबो में 15 फरवरी को 12 एमएम तक बारिश की संभावना जताई गई है।
  • रविवार को कोलंबो में बादल छाए रहेंगे और तूफान की भी आशंका जताई गई है।

Back to top button