
नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 के अपने आखिरी ग्रुप मैच भारतीय टीम नीदरलैंड से टकराएगी। आज बुधवार को यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय टीम ग्रुप स्टेज के पहले 3 मैच जीतने के बाद ही सुपर-8 में जगह पक्की कर चुकी है। ऐसे में बुधवार को सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम सुपर-8 की तैयारियों को अंजाम देगी।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आए बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने ऐसे संकेत दिए। उन्होंने साफ किया कि भारतीय टीम को अहमदाबाद में फाइनल खेलना पड़ सकता है, ऐसे में टीम ज्यादा बदलाव के बिना ही उतर सकती है।
पूरी तरह फिट नहीं अभिषेक
विश्व कप से पहले अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह बीमार पड़ गए थे। बुमराह तो अमेरिका के खिलाफ भारत के पहले मैच के बाद ठीक हो गए, लेकिन अभिषेक शर्मा की हालत बिगड़ गई।
अमेरिका के खिलाफ मैच में तेज बुखार के बाद अभिषेक को पेट में संक्रमण के कारण दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पाकिस्तान के खिलाफ भी वह पूरी तरह फिट नहीं दिखे।
बल्लेबाजी कोच ने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले अभिषेक की तबीयत ठीक नहीं थी। उन्होंने कहा, “वह ठीक नहीं थे। मैच में वह पहले ही ओवर में आउट हो गए थे। हम ज्यादा विश्लेषण नहीं करना चाहते। उन्होंने अपनी योजनाएं बना रखी हैं।”
हर मैच महत्वपूर्ण है
बता दें कि वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में भारत को अहमदाबाद में ही ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था।
कोटक ने कहा, “हर मैच महत्वपूर्ण है, लेकिन सुपर 8 का एक मैच आने वाला है और फाइनल भी यहीं हो सकता है, इसलिए बेहतर होगा कि हम यहां की परिस्थितियों से तालमेल बिठा लें।”





